विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

25 साल में कितना बदला लोहरदगा? शहर का दायरा बढ़ा, लेकिन जलजमाव और सफाई जैसी समस्याएं अब भी बरकरार

Published: Thu, 12 Nov 2026 11:58 AM (IST)

पिछले 25 वर्षों में लोहरदगा का शहरी दायरा बढ़ा है, जिसमें सड़क, बिजली और आवासीय सुविधाओं का विस्तार हुआ है। ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।

एआई जेनरेटेड इमेज।

HighLights

  1. पिछले 25 वर्षों में लोहरदगा का शहरी दायरा बढ़ा है।

  2. वर्तमान में जल निकासी, स्वच्छता जैसी बुनियादी कमियां मौजूद हैं।

विक्रम चौहान, लोहरदगा। झारखंड गठन के समय लोहरदगा की पहचान एक छोटे जिला मुख्यालय के रूप में थी। शहर का दायरा सीमित था। मुख्य बाजार और दो प्रमुख सड़कों के आसपास ही अधिक गतिविधियां केंद्रित थी। संकरी गलियां, सीमित जलापूर्ति, नालियों की कमी और अनियोजित बस्तियां शहरी विकास की बड़ी चुनौतियां थी।

वर्ष 2001 की जनगणना के अनुसार लोहरदगा शहरी क्षेत्र की आबादी 46196 थी। उस समय शहर का विकास मुख्य रूप से पारंपरिक बाजार, आवासीय मोहल्लों और प्रशासनिक संस्थानों के आसपास केंद्रित था। सार्वजनिक परिवहन और आधुनिक कचरा प्रबंधन जैसी सुविधाएं भी सीमित थी। पिछले 25 वर्षों में लोहरदगा का शहरी स्वरूप बदला है।

वर्ष 2011 की जनगणना में नगर परिषद क्षेत्र की आबादी बढ़कर 57411 दर्ज की गई थी। शहर का क्षेत्रफल 35.20 वर्ग किलोमीटर हो गया। वर्तमान में शहर का विस्तार पतराटोली, बक्सीडीपा, कालेज रोड, बरवाटोली और आसपास के इलाकों तक दिखाई देता है। सड़कों, बिजली, स्ट्रीट लाइट और आवासीय सुविधाओं का विस्तार हुआ है। इसके बावजूद शहरी विकास की बुनियादी चुनौतियां पूरी तरह दूर नहीं हुई हैं।

वर्तमान में मौजूद हैं कई कमियां

पतराटोली, कालेज रोड, बीआइडी और बक्सीडीपा के कई हिस्सों में जलनिकासी के लिए पर्याप्त नालियां नहीं हैं। बारिश में सड़क और मोहल्लों में पानी जमा होता है। शहर के लिए अभी कोई समग्र ड्रेनेज प्लान उपलब्ध नहीं है। सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति भी चुनौतीपूर्ण है। शहर में 18 सार्वजनिक शौचालयों में 11 चालू हैं, जबकि चार नए निर्माणाधीन हैं। कचरा उठाव के लिए 23 वाहन हैं, लेकिन सफाई व्यवस्था कर्मचारियों की कमी है। और भुगतान संबंधी समस्याओं से प्रभावित होती रही है।

शहर को मिले नियोजित विकास की पहचान

आने वाले वर्षों में लोहरदगा को आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए सबसे पहले समग्र मास्टर प्लान तैयार करना होगा। शहर के सुनियोजित विस्तार के साथ आवासीय, व्यावसायिक और सार्वजनिक सुविधाओं के लिए अलग-अलग क्षेत्र विकसित करने होंगे। मोहल्लों में अलग-अलग सड़क और नाली निर्माण के बजाय एकीकृत शहरी विकास पर जोर देना होगा।

पेयजल के लिए 113.44 करोड़ रुपये की शहरी जलापूर्ति योजना महत्वपूर्ण पहल है। इसके साथ एकीकृत ड्रेनेज नेटवर्क और सीवरेज व्यवस्था विकसित करना भी जरूरी है। ठोस कचरा प्रबंधन के तहत घरों से कचरे का पृथक्करण, नियमित उठाव, प्रसंस्करण और वैज्ञानिक निस्तारण सुनिश्चित करना होगा।

परिवहन व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए गुड़गामा के पास प्रस्तावित 7.50 एकड़ जमीन पर आधुनिक बस पड़ाव का विकास महत्वपूर्ण है। इसे 19.9 किलोमीटर लंबे बाइपास से बेहतर तरीके से जोड़ने की जरूरत है। इसके अलावा आटो स्टैंड, पार्किंग स्थल, फुटपाथ और सार्वजनिक परिवहन की व्यवस्थित सुविधा विकसित करनी होगी। 

यह भी पढ़ें- गुमला घूमने का बनेगा प्लान तो ठहरने की नहीं होगी चिंता, पर्यटन होटल के लिए प्रशासन ने भेजा प्रस्ताव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।