लातेहार में मिनी ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, 2 युवकों की मौके पर ही मौत
लातेहार के चंदवा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार 407 वाहन की चपेट में आने से दो बाइक सवार युवकों की ...और पढ़ें
-1784182117050_m.webp)
मिनी ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत
HighLights
लातेहार में 407 वाहन की चपेट में आए दो बाइक सवार।
चंदवा थाना क्षेत्र के शिवा टोली के पास हुई दर्दनाक दुर्घटना।
एक मृतक की पहचान टीकू भुईया के रूप में, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, लातेहार। जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवा टोली के समीप गुरुवार को हुई भीषण सड़क दुर्घटना ने दो परिवारों की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं। तेज रफ्तार 407 वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना इतनी भयावह थी कि दोनों युवकों को संभलने का अवसर तक नहीं मिला। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही चंदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार दोनों युवक शिवा टोली के समीप पहुंचे ही थे कि विपरीत दिशा से आ रहे 407 वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े, लेकिन तब तक दोनों युवकों की सांसें थम चुकी थीं।
दुर्घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लिया। मृतकों में एक की पहचान टीकू भुईया (पिता- नरेश भुईया), निवासी बुकबुका, खलारी के रूप में हुई है। दूसरे मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।
पुलिस उसकी पहचान कराने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों से संपर्क कर रही है। स्वजन को सूचना दिए जाने के बाद बुकबुका गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल और थाना पहुंच गए। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। दुर्घटना के बाद 407 वाहन के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि हादसा तेज गति, लापरवाही अथवा अन्य किसी कारण से हुआ। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है। यह दुर्घटना एक बार फिर सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर खतरे की याद दिलाती है।
स्थानीय लोगों ने दुर्घटना पर गहरा दुख जताते हुए दुर्घटना संभावित स्थलों पर नियमित निगरानी, गति नियंत्रण और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
