Instagram पर आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने की धमकी, रांची में घर छोड़कर भागी युवती आगरा से सकुशल बरामद
रांची पुलिस ने इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को पश्चिम बंगाल से ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने की धमकी।
रांची पुलिस ने आरोपी को पश्चिम बंगाल से दबोचा।
जागरण संवाददाता, रांची। इंस्टाग्राम पर एक युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने के मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं, मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर घर छोड़ने वाली 23 वर्षीय युवती को उत्तर प्रदेश के आगरा से सकुशल बरामद कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से युवती को उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें सार्वजनिक करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल कर रहा था।
लगातार हो रही प्रताड़ना और मानसिक दबाव के कारण युवती बिना किसी को बताए घर से चली गई थी। बेटी के अचानक लापता होने पर उसके पिता ने खरसीदाग ओपी में गुमशुदगी एवं ब्लैकमेलिंग की शिकायत दर्ज कराई।
मामला दर्ज होते ही एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल लोकेशन और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
पश्चिम बंगाल से दबोचा गया आरोपी
जांच के दौरान आरोपी का सुराग पश्चिम बंगाल में मिला। पुलिस ने छापेमारी कर प्रियांशु डे उर्फ आदी उर्फ आदित्य, निवासी नारकेलडांगा (पश्चिम बंगाल) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया गया, जिसका इस्तेमाल युवती की तस्वीरें वायरल करने और उसे ब्लैकमेल करने के लिए किया जा रहा था।
आगरा से सकुशल मिली युवती
इधर, पुलिस की दूसरी टीम तकनीकी विश्लेषण के जरिए युवती की लोकेशन ट्रैक कर रही थी। जांच के दौरान उसकी लोकेशन उत्तर प्रदेश के आगरा में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर युवती को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने युवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। वहीं गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने युवती की तस्वीरें कहीं साझा की थीं या नहीं तथा इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
