विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लातेहार में सर्पदंश पीड़िता से दुर्व्यवहार पर कार्रवाई, मनिका सीएचसी के आउटसोर्स चालक की सेवा खत्म

Published: Fri, 23 Oct 2026 11:34 AM (IST)

मनिका सीएचसी में सर्पदंश पीड़िता से दुर्व्यवहार के मामले में आउटसोर्स चालक तबारक अंसारी की सेवा समाप्त कर दी गई ...और पढ़ें

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के एक्स पर जारी वीडियो का स्क्रीनशॉट।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के एक्स पर जारी वीडियो का स्क्रीनशॉट।

HighLights

  1. सर्पदंश पीड़िता से दुर्व्यवहार पर चालक की सेवा समाप्त।

  2. स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के निर्देश पर हुई कार्रवाई।

संवाद सूत्र, मनिका (लातेहार)। सांप के डसने का डर, अपनों की जिंदगी बचाने की बेचैनी और सरकारी अस्पताल से मदद की उम्मीद, मुश्किल की उस घड़ी में मरीज और उसके स्वजन को यदि दुर्व्यवहार का सामना करना पड़े, तो पीड़ा बीमारी तक सीमित कैसे रह सकती है।

मनिका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में सर्पदंश पीड़िता और उसके स्वजन के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आने के बाद झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवालों के बीच विभाग ने कार्रवाई की है। आउटसोर्स चालक तबारक अंसारी की सेवा तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो और दैनिक जागरण में प्रकाशित खबर के बाद मामला तूल पकड़ने लगा था।

राजनीतिक विरोध और कार्रवाई की मांग के बीच स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मामले का संज्ञान लिया और विभागीय अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद लातेहार के सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने 22 अक्टूबर 2026 को ज्ञापांक संख्या 1834 के तहत सेवा समाप्ति का आदेश जारी किया। आदेश में संबंधित चालक के कृत्य को अमानवीय एवं अशोभनीय बताते हुए तत्काल प्रभाव से सेवा समाप्त करने का निर्देश दिया गया।

आदेश की प्रतिलिपि संबंधित आउटसोर्स एजेंसी बालाजी डिटेक्टिव फोर्स को भी भेजी गई, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इसकी सूचना प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, मनिका सीएचसी, उपायुक्त लातेहार और स्वास्थ्य मंत्री के आप्त सचिव को भी दी गई।

खबर प्रकाशित होने के बाद बढ़ा दबाव, स्वास्थ्य मंत्री ने लिया संज्ञान 

मनिका सीएचसी का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और मरीजों के साथ व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे थे। वायरल वीडियो ने प्रकरण को व्यापक चर्चा में ला दिया। दैनिक जागरण में खबर प्रकाशित होने के बाद भी कार्रवाई की मांग तेज रही।

स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर सेवा समाप्ति की कार्रवाई ने यह संदेश दिया कि अस्पतालों में मरीजों और उनके स्वजन के साथ कथित दुर्व्यवहार की शिकायतों को गंभीरता से लेना आवश्यक है। हालांकि, कार्रवाई के साथ घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच भी जरूरी है, ताकि जिम्मेदारी तय हो सके और भविष्य में ऐसी शिकायतों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Latehar Incident

भाजपा ने दिया था मामले में 48 घंटे का अल्टीमेटम

मामले को लेकर मनिका भाजपा मंडल अध्यक्ष मंदीप कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने चिकित्सा पदाधिकारी क्षितिज कुजूर से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई थी। प्रतिनिधिमंडल ने निष्पक्ष जांच और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की थी। भाजपा युवा नेता छोटू राजा ने भी मामले पर नाराजगी जताते हुए 48 घंटे के भीतर उचित कार्रवाई की मांग की थी।

उन्होंने कार्रवाई के अभाव में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी थी। वहीं झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी इस मामले को लेकर राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग की जवाबदेही पर सवाल उठाए थे।

उन्होंने प्रकरण की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की थी। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने भी स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और राज्य सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे।  

यह भी पढ़ें- लातेहार में आदिवासी महिला से दुर्व्यवहार के आरोप में थाना प्रभारी और सिपाही सस्पेंड, विभागीय जांच शुरू