लातेहार में बारियातू थानेदार पर आदिवासी महिला से मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप, CM हेमंत सोरेन ने दिए जांच के आदेश
लातेहार के बारियातू थाना प्रभारी पर एक आदिवासी महिला पुनिया देवी के साथ मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज और दुर्व्यवहार का आरोप ...और पढ़ें
HighLights
बारियातू थाना प्रभारी पर आदिवासी महिला से मारपीट का आरोप।
पुनिया देवी ने जातिसूचक गाली-गलौज और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया।
एसपी ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की है।
जागरण संवाददाता, लातेहार। बारियातू थाना प्रभारी पर एक आदिवासी महिला पुनिया देवी के साथ मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा है। शुक्रवार को पीड़िता के स्वजनों और गांव के ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामले को लेकर जिले में चर्चा तेज हो गई है। पीड़िता पुनिया देवी, निवासी हेरहंज थाना क्षेत्र की सलैया पंचायत की रहने वाली हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि पांच अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब दो बजे वह बकरी चरा रही थीं।
इसी दौरान बारियातू थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास समेत तीन अन्य पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में वहां पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने उन पर पोस्ता की खेती और कारोबार में संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए मारपीट की और पीड़िता को थाने ले जाया गया, जहां पर हाथ बांधकर लटकाया गया और डंडे से जमकर पिटाई की गई।
उन्होंने रास्ते में भी मारपीट करने, जातिसूचक गालियां देने तथा शारीरिक दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। पीड़िता का यह भी आरोप है कि छह अक्टूबर को रिहा करने से पहले उनसे वीडियो बनवाकर पोस्ता कारोबार में संलिप्तता स्वीकार करने वाला बयान देने का दबाव बनाया गया। उन्होंने घर में रखे शादी के लिए जमा 80 हजार रुपये ले जाने का आरोप भी लगाया है।

एसपी ने गठित की जांच टीम
इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी एक्स पर शिकायत की गई है। पुलिस अधीक्षक ने मामले को संज्ञान में लेते हुए एक्स पर जानकारी दी कि आरोपों की जांच के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बालूमाथ और महिला पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई है। जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। अब जांच रिपोर्ट और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
सीएम ने दिए जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने जांच के आदेश दिए है।
.@LateharPolice तत्काल संज्ञान लें, जाँच करें एवं उचित कार्यवाही करते हुए सूचना दें। यह स्थिति स्वीकार्य नहीं है।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) October 9, 2026
यह भी पढ़ेः लातेहार सदर अस्पताल में गजब व्यवस्था! मरीजों के स्ट्रेचर पर ढोई जा रही दवा, तस्वीर ने उठाए सवाल
