लातेहार सदर अस्पताल में गजब व्यवस्था! मरीजों के स्ट्रेचर पर ढोई जा रही दवा, तस्वीर ने उठाए सवाल
लातेहार सदर अस्पताल में मरीजों के लिए रखे स्ट्रेचर का उपयोग दवा ढुलाई के लिए किया जा रहा है, जिससे ...और पढ़ें

लातेहार सदर अस्पताल में स्ट्रेचर का दवा ढुलाई में उपयोग। जागरण
जागरण संवाददाता, लातेहार। सदर अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए रखा गया स्ट्रेचर अब मरीजों को ले जाने के साथ दवा ढोने के काम में भी लगाया जा रहा है। अस्पताल परिसर से सामने आई तस्वीर व्यवस्था की ऐसी तस्वीर दिखाती है, जिसे देखकर सवाल उठना स्वाभाविक है मरीजों के लिए रखा गया स्ट्रेचर आखिर दवा ढोने के काम में क्यों लगाया जा रहा है।
अस्पताल में स्ट्रेचर किसी सुविधा से अधिक जरूरत है। गंभीर मरीज, घायल, बुजुर्ग और चलने में असमर्थ लोग इसी के सहारे उपचार कक्ष से वार्ड और जांच केंद्र तक पहुंचते हैं। बीमारी की हालत में स्ट्रेचर पर लेटा मरीज अस्पताल की व्यवस्था पर भरोसा करता है कि उसे सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिलेगा। ऐसे में उसी स्ट्रेचर पर दवा की ढुलाई होते देख व्यवस्था की संवेदनशीलता पर सवाल खड़ा होना स्वाभाविक है।
एक ही स्ट्रेचर, दो काम मरीज भी और दवा भी। यही तस्वीर अस्पताल की व्यवस्था पर सबसे बड़ा प्रश्नचिह्न लगा रही है। दवा और अन्य सामग्री को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए अलग साधन होना चाहिए। मरीजों के उपयोग में आने वाले साधन को दूसरे कार्य में लगाने से उसकी स्वच्छता प्रभावित होने की आशंका रहती है।

अस्पताल में आने वाला मरीज पहले ही बीमारी से जूझ रहा होता है। उसके लिए अस्पताल केवल इलाज का स्थान नहीं, स्वस्थ होने की उम्मीद का केंद्र होता है। ऐसे में वहां साफ-सफाई और संक्रमण से बचाव की व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही मरीजों की परेशानी बढ़ा सकती है। इसलिए मरीजों के उपयोग वाले स्ट्रेचर का इस्तेमाल निर्धारित उद्देश्य के लिए ही किया जाना चाहिए।
अस्पताल परिसर में दवा अथवा अन्य सामग्री की ढुलाई के लिए अलग व्यवस्था नहीं है तो इसे तत्काल सुनिश्चित करने की जरूरत है। साथ ही मरीजों के उपयोग में आने वाले स्ट्रेचर की नियमित सफाई भी होनी चाहिए, ताकि उसकी स्वच्छता बनी रहे।
मरीजों और उनके स्वजनों का कहना है कि अस्पताल में बड़ी-बड़ी व्यवस्थाओं के साथ छोटी-छोटी बातों पर भी ध्यान देना जरूरी है। क्योंकि अस्पताल में रखी हर वस्तु किसी न किसी मरीज की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी होती है। जिस स्ट्रेचर पर किसी मरीज को उपचार के लिए ले जाया जाता है, उसका उपयोग दवा ढोने में करने के बजाय इसके लिए अलग साधन उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
अब देखना यह है कि तस्वीर सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन इसे केवल एक तस्वीर मानता है या व्यवस्था में सुधार का कारण बनाता है।
इसे मामले की जानकारी लेता हूं, ऐसा कैसे हो रहा है। तत्काल सुधार कराया जाएगा।
-डॉ. राजमोहन खलखो, सिविल सर्जन लातेहार।
यह भी पढ़ें- बायोमेट्रिक हाजिरी में 'जुगाड़' का खेल! दैनिक जागरण की खबर पर चतरा DC ने लिया संज्ञान; जांच के दिए आदेश
