कोडरमा घाटी बनी 'डेथ जोन'! 16 KM में 36 अंधे मोड़, 5 साल में 550 ने गंवाई जान; टू-लेन ने बढ़ाई आफत
बिहार और झारखंड को जोड़ने वाली कोडरमा घाटी 16 किलोमीटर के दायरे में 36 तीखे मोड़ों के कारण 'डेथ जोन' ...और पढ़ें

कोडरमा घाटी बनी डेथ जोन (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
16 किमी कोडरमा घाटी में 36 तीखे मोड़।
पांच साल में 550 लोगों की सड़क हादसों में मौत।
फोरलेन की मांग के बावजूद मार्ग अभी भी टू-लेन।
जागरण संवाददाता, कोडरमा। बिहार और झारखंड को जोड़ने वाली कोडरमा घाटी से गुजरना इन दिनों किसी चुनौती से कम नहीं है। 16 किलोमीटर लंबी इस घाटी में 36 तीखे और घुमावदार मोड़ हैं।
तेज रफ्तार, गलत तरीके से ओवरटेक या चालक की जरा सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है। चिंताजनक स्थिति यह है कि वर्षों से फोरलेन की मांग के बावजूद यह मार्ग अब भी टू-लेन है।
पांच सालों में 550 लोगों की मौत
पिछले पांच वर्षों के सड़क हादसों में जिले में 550 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, वर्ष 2026 में अब तक 65 दुर्घटनाओं में 35 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रहे हादसे घाटी में सड़क सुरक्षा इंतजामों की हकीकत बयां कर रहे हैं।
बिहार, झारखंड, बंगाल और नेपाल समेत कई क्षेत्रों को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का परिचालन होता है।
घाटी के कई हिस्सों में तीखी चढ़ाई, ढलान और ब्लाइंड मोड़ होने के कारण भारी वाहनों को नियंत्रित करना मुश्किल हो जाता है। कई बार वाहन दूसरे किसी वाहन से टकराए बिना ही अनियंत्रित होकर पलट जाते हैं।
पांच प्रमुख स्थान दुर्घटना संभावित क्षेत्र
कोडरमा घाटी के नौवां माइल, जमसोती नाला, कालीमंडा, ललकी मोड़ और बंदरचुआ माइंस के आसपास के क्षेत्रों को दुर्घटना संभावित जोन के रूप में चिह्नित किया गया है। इन स्थानों पर तीखे मोड़ और ढलान हादसों की आशंका बढ़ाते हैं।
घाटी के करीब 27 किलोमीटर के हिस्से को सड़क सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। इसके बावजूद सुरक्षा इंतजामों की स्थिति संतोषजनक नहीं है।कई जगहों पर लगे संकेतकों का रखरखाव ठीक नहीं है। ब्लाइंड मोड़ों पर लगाए गए सुरक्षा मिरर भी कई स्थानों से गायब हैं।

सड़क किनारे गहरी खाई होने के कारण अनियंत्रित वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने पर नुकसान कई गुना बढ़ जाता है। क्रैश बैरियर, पर्याप्त रोशनी और प्रभावी गति नियंत्रण के इंतजाम भी पर्याप्त नहीं दिखते।
पांच साल में 550 की गई जान
दुर्घटनाओं में मौत का आंकड़ा लगातार चिंता बढ़ा रहा है। वर्ष 2021 में 87, 2022 में 137, 2023 में 100, 2024 में 99 और 2025 में 127 लोगों की मौत हुई। इस तरह पांच वर्षों में कुल 550 लोगों ने सड़क हादसों में जान गंवाई। वर्ष 2026 में भी अब तक 65 दुर्घटनाओं में 35 लोगों की मौत हो चुकी है।
गोल्डन आवर इलाज मिलना चुनौती
हादसे के बाद घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना भी बड़ी चुनौती है। दुर्घटनास्थल से करीब 20 किलोमीटर दूर सदर अस्पताल से एंबुलेंस पहुंचती है। ऐसे में गंभीर रूप से घायलों को गोल्डन आवर में इलाज मिलना मुश्किल हो जाता है। घाटी में स्थायी एंबुलेंस और बेहतर आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की जरूरत महसूस की जा रही है।
क्या कहते हैं एनएचएआई की पीडी
एनएचएआई के परियोजना निदेशक आशुतोष ने बताया कि घाटी क्षेत्र में मेघातरी तक सड़क की मरम्मत कराई जा रही है। सभी तीखे मोड़ों पर सावधानी सूचक संकेतक लगाए जा रहे हैं। खतरनाक घुमावों पर रिफ्लेक्टर लगाने का काम भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति बेहतर होने पर कई बार चालक वाहनों की रफ्तार बढ़ा देते हैं, जिससे तीखे मोड़ों पर दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। चालकों को हर समय सतर्क रहना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि अगले दो से चार महीनों में दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। घाटी में राहत एवं बचाव के लिए एंबुलेंस, क्रेन और रूट पेट्रोलिंग वाहन के माध्यम से राजमार्ग की निगरानी की जाती है। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि घाटी की अधिकांश समस्याओं का स्थायी समाधान प्रस्तावित फोरलेन सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद ही संभव है।
लोगों को झकझोरने वाली बड़ी दुर्घटनाएं
- जुलाई 25: ट्रक ने राहगीर और मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिसमें तीन की मौत हो गई।
- जुलाई 26: मोघातरी में गिट्टी लदे ट्रक ने खड़े ट्रक को टक्कर मार दी, जिसमें चालक और उपचालक की मौत हो गई।
- जुलाई 26: बंदरचुआ माइंस के पास 4-5 वाहनों की आपस में टक्कर में वाहनों में लोड लाखों रुपये के सामान बर्बाद हो गए।
- अगस्त 26: मेघातरी में अनियंत्रित ट्रक दुकान में घुसा, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
- सितंबर 26: आधी रात को दो ट्रकों के बीच टक्कर में एक ट्रक के चालक का शव दो हिस्सों में बंट गया।
यह भी पढ़ें- नींद की झपकी और आमने-सामने भिड़ गए 2 ट्रक, उड़े केबिन के परखच्चे; कोडरमा-गिरिडीह मार्ग पर 1 ड्राइवर की मौत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।