विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोडरमा: हेडमास्टर निलंबन के विरोध प्रदर्शन के बीच 2 छात्राएं लापता, पुलिस तलाश में जुटी

Published: Fri, 06 Nov 2026 02:02 PM (IST)

कोडरमा में सीडी बालिका +2 उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक के निलंबन के विरोध में चल रहे आंदोलन के बीच तिलैया बस्ती की दो नाबालिग छात्राएं लापता हो गईं।

HighLights

  1. कोडरमा में प्रधानाध्यापक निलंबन के विरोध में आंदोलन जारी।

  2. आंदोलन में शामिल तिलैया बस्ती की दो छात्राएं लापता।

  3. पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की।

जागरण संवाददाता (कोडरमा)। शहर स्थित सीडी बालिका +2 उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक शशि भूषण कुमार के निलंबन के विरोध में चल रहे आंदोलन के बीच एक नया प्रकरण सामने आया है।

आंदोलन में स्कूली छात्राओं के साथ अब अन्य स्कूली छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं, आंदोलन के दौरान तिलैया बस्ती की दो नाबालिग छात्राओं के लापता होने से स्वजनों की चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, शिक्षक के समर्थन में शहर के कई कोचिंग संचालक भी पर्दे के पीछे से सक्रिय हैं और आंदोलन को दिशा देने में भूमिका निभा रहे हैं।

इसके अलावा भाजपा के छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की सक्रियता भी देखी जा रही है। देर शाम भाजपा जिलाध्यक्ष अनूप जोशी भी छात्राओं के आंदोलन के समर्थन में झंडा चौक पहुंचे थे।

इसी बीच तिलैया बस्ती की रहने वाली दो चचेरी बहनों के लापता होने का मामला सामने आया है। स्वजनों के अनुसार, दोनों छात्राएं कोचिंग में पढ़ाई करने के बाद विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने निकली थीं, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटीं।

काफी खोजबीन के बाद स्वजनों ने रात करीब 11 बजे तिलैया थाना में गुमशुदगी का आवेदन दिया। इसके बाद से पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

स्वजन शहर के विभिन्न इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर दोनों छात्राओं का सुराग तलाश रहे हैं। बच्चियों के अचानक लापता होने से परिवार के लोग परेशान हैं।

आंदोलन के बीच उठ रहे सवाल

इस पूरे घटनाक्रम ने आंदोलन में शामिल स्कूली और गैर स्कूली छात्र-छात्राओं की भूमिका, कोचिंग संचालकों की सक्रियता तथा बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

koderma news (1)

हालांकि, दोनों छात्राओं के लापता होने और आंदोलन में उनकी भागीदारी के बीच संबंध को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और दोनों छात्राओं की सुरक्षित बरामदगी के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

थाना प्रभारी ने की पुष्टि, दोनों छात्राओं की तलाश जारी

इस संबंध में तिलैया थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर विनय कुमार सिंह ने बताया कि दो छात्राओं के लापता होने की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है।

इनमें एक छात्रा सीडी बालिका उच्च विद्यालय की है, जबकि दूसरी किसी अन्य शिक्षण संस्थान में पढ़ती है। पुलिस दोनों छात्राओं की खोजबीन में जुटी है।

उनके संभावित ठिकानों और अन्य बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस उनकी सुरक्षित बरामदगी के लिए प्रयास कर रही है।

निलंबन विवाद पर स्कूल में वार्ता जारी

इधर, प्रभारी प्रधानाध्यापक शशि भूषण कुमार के निलंबन को लेकर आंदोलनरत छात्राओं और शिक्षा विभाग के बीच शुक्रवार को सीडी बालिका उच्च विद्यालय में वार्ता जारी है।

गुरुवार की देर शाम अंचल अधिकारी की उपस्थिति में आंदोलनरत छात्राओं के साथ हुई बातचीत में तय समझौते के अनुसार शुक्रवार को वार्ता आयोजित की गई है।

इसमें कोडरमा के अंचल अधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिलाध्यक्ष, भाजपा जिलाध्यक्ष के अलावा झामुमो के कई नेताओं के शामिल होने की सूचना है।

ज्ञात हो कि गुरुवार को तीन बिंदुओं पर वार्ता के बाद आंदोलनरत छात्राओं ने झंडा चौक पर जारी सड़क जाम समाप्त कर दिया था।

इसके बाद शुक्रवार को विद्यालय में आगे की रणनीति और शिक्षक के निलंबन से जुड़े मामले पर सहमति बनाने के लिए वार्ता शुरू हुई। अब सभी की निगाहें वार्ता के नतीजे पर टिकी हैं।

यह भी पढ़ें- कोडरमा में प्रधानाध्यापक के निलंबन पर फूटा छात्राओं का गुस्सा, झंडा चौक पर धरना देकर किया सड़क जाम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।