कोडरमा में प्रधानाध्यापक के निलंबन पर फूटा छात्राओं का गुस्सा, झंडा चौक पर धरना देकर किया सड़क जाम
झुमरीतिलैया में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सीडी बालिका उच्च विद्यालय की छात्राओं ने निलंबित प्रभारी प्रधानाध्यापक शशि भूषण कुमार की बहाली की ...और पढ़ें

प्रधानाध्यापक के निलंबन के विरोध में झंडा चौक पर धरना देतीं छात्राएं। जागरण
HighLights
छात्राओं ने झंडा चौक पर धरना देकर आवागमन बाधित किया।
निलंबित प्रभारी प्रधानाध्यापक शशि भूषण कुमार की बहाली की मांग।
संवाद सहयोगी, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सीडी बालिका उच्च विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक शशि भूषण कुमार के निलंबन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
निलंबन और एफआईआर के विरोध में गुरुवार को एक बार फिर छात्राओं का आक्रोश सड़क पर दिखा। छात्राओं ने 3:00 बजे छुट्टी के बाद शहर के प्रमुख झंडा चौक पर धरना देकर आवागमन बाधित कर दिया। वे प्रभारी प्रधानाध्यापक का निलंबन वापस लेने की मांग कर रही थीं।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को शशि भूषण कुमार के निलंबन की सूचना मिलने के बाद विद्यालय की छात्राएं विरोध में उतर आई थीं। उन्होंने स्कूल परिसर में हंगामा करते हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक को विद्यालय से जाने से रोक दिया था।

छात्राओं का कहना था कि शशि भूषण कुमार को निलंबित करने का निर्णय उचित नहीं है और उन्हें दोबारा विद्यालय में जिम्मेदारी दी जाए। उनके समय विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था काफी अच्छी हुई है। वह अपना दिन रात एक कर छात्रों के पीछे मेहनत करते हैं। इधर पूरे मामले की जानकारी लेने गुरुवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकुल राज मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सीडी बालिका उच्च विद्यालय पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

हालांकि, उनके पहुंचने के बावजूद छात्राओं का विरोध शांत नहीं हुआ। विद्यालय में छुट्टी होने के बाद करीब आधी छात्राएं स्कूल परिसर में ही अधिकारियों का घेराव कर बैठ गईं। वहीं, दूसरी टोली शहर के प्रसिद्ध झंडा चौक पहुंच गई और सड़क पर बैठकर जाम कर दिया।
छात्राओं के इस दोहरे विरोध से शिक्षा विभाग की परेशानी बढ़ गई है। अब सबकी निगाहें विभागीय जांच और निलंबन को लेकर होने वाले अगले निर्णय पर टिकी हैं। छात्राएं अपनी मांग पर अड़ी हुई हैं।
यह भी पढ़ें- कोडरमा में शिक्षक के निलंबन पर भड़कीं छात्राएं, सर को स्कूल से बाहर जाने से रोका; वापस अंदर खींच ले गईं
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।