कोडरमा में फिल्मी चेज का खौफनाक अंत, कोयला लदे 12 चक्का ट्रक ने पुलिस गाड़ी को रौंदा;जवान घायल
चंदवारा में कोयला लदे ट्रक का पीछा कर रही पुलिस की बोलेरो रेलवे ओवरब्रिज के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई। ...और पढ़ें

कोयला लदे ट्रक ने पुलिस वाहन को रौंदा
HighLights
चंदवारा में पुलिस बोलेरो कोयला ट्रक का पीछा कर रही थी।
रेलवे ओवरब्रिज के पास ट्रक की टक्कर से बोलेरो पलटी।
एक पुलिसकर्मी राजेंद्र मेहता गंभीर रूप से घायल, ट्रक जब्त।
संवाद सूत्र, चंदवारा (कोडरमा)। चंदवारा थाना क्षेत्र के रेलवे ओवरब्रिज के समीप शनिवार को कोयला लदे ट्रक का पीछा कर रही पुलिस की बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में वाहन सवार पुलिसकर्मियों में एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य जवान बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चंदवारा पुलिस कोयला लदे एक 12 चक्का ट्रक का पीछा कर रही थी। पुलिस बोलेरो लगातार ट्रक के पीछे चल रही थी। इसी दौरान मदनगुंडी टोल प्लाजा से करीब 1 किलोमीटर आगे रेलवे ओवरब्रिज के समीप ट्रक ने पुलिस की बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही पुलिस वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। अचानक हुए इस हादसे से आसपास मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
स्थानीय लोग तत्काल मदद के लिए पहुंचे
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग तत्काल मदद के लिए पहुंचे। लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो में फंसे पुलिसकर्मियों को बाहर निकालने में सहयोग किया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल एक जवान राजेंद्र मेहता को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, अन्य पुलिसकर्मियों को भी दुर्घटना के कारण चोटें आने की जानकारी है।
कोयला लदे 12 चक्का ट्रक को पकड़ा
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कोयला लदे 12 चक्का ट्रक को पकड़ लिया और उसे जब्त कर थाने ले आई। पुलिस ट्रक चालक और कोयले से संबंधित मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद रेलवे ओवरब्रिज के समीप लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।