कोडरमा का पंचखेरो डैम उफान पर, खतरे के बीच बच्चों का Video हुआ वायरल; तेज बहाव में ऐसे कर रहे मस्ती
लगातार बारिश के कारण कोडरमा के पंचखेरो जलाशय में जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है, जहां बच्चे जानलेवा स्टंट ...और पढ़ें

बच्चे तेज बहाव और ढलान पर कर रहे जानलेवा स्टंट। जागरण
HighLights
पंचखेरो जलाशय में लगातार बारिश से जलस्तर खतरे के ऊपर।
बच्चे तेज बहाव और ढलान पर कर रहे जानलेवा स्टंट।
संवाद सूत्र, मरकच्चो (कोडरमा)। पिछले तीन-चार दिनों से हो रही लगातार बारिश के बाद कोडरमा जिले की नदियों, तालाबों और जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। मरकच्चो प्रखंड स्थित पंचखेरो जलाशय में भी पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है।
जलाशय में ओवरफ्लो के कारण एक तरफ से दूसरी तरफ तेज धार में पानी बह रहा है। ऐसे खतरनाक हालात के बीच बच्चे यहां पहुंचकर बहते पानी और ढलान पर स्टंट कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इन्हें रोकने-टोकने वाला कोई नजर नहीं आ रहा है।
पंचखेरो डैम को पिकनिक और पर्यटन स्थल के रूप में भी जाना जाता है। बारिश के मौसम में यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। लेकिन वर्तमान स्थिति में तेज बहाव और फिसलन के कारण यहां जरा सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है। ढलान पर पैर फिसलने से कोई बच्चा सीधे जलाशय में गिर सकता है। ऐसे में सवाल है कि हादसा होने के बाद जिम्मेदारी कौन लेगा?
पंचखेरो जलाशय का दर्दनाक इतिहास भी लोगों को सावधान करने के लिए काफी है। जुलाई 2022 में नाव पलटने की घटना में इसी डैम में एक ही परिवार के आठ लोगों की मौत हो गई थी। इसके बावजूद वर्तमान में बढ़े जलस्तर और तेज बहाव के बीच सुरक्षा को लेकर पर्याप्त सतर्कता नजर नहीं आ रही है।
खासकर ऐसे समय में जब किसी दुर्घटना की स्थिति में तत्काल बचाव के लिए गोताखोरों की व्यवस्था भी नहीं है। बारिश के इस मौसम में जलाशय, नदी और तालाबों का आकर्षण लोगों को अपनी ओर खींचता है, लेकिन यही आकर्षण थोड़ी सी लापरवाही में मातम में बदल सकता है। प्रशासन को भी ऐसे संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की जरूरत है।
