Jamshedpur Weather: चांडिल डैम के 9 गेट खुले, स्वर्णरेखा-खरकई में बढ़ा पानी, निचले इलाकों में अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के कारण लगातार बारिश से चांडिल डैम का जलस्तर 181 मीटर पहुंचा, जिसके ...और पढ़ें

फिलहाल डूब क्षेत्र के किसी भी गांव में पानी घुसने की सूचना नहीं है, लेकिन जलस्तर बढ़ने से विस्थापित परिवारों की चिंताएं गहरा गई हैं।
HighLights
चांडिल डैम का जलस्तर 181 मीटर तक पहुंचा, 9 गेट खुले।
स्वर्णरेखा और खरकई नदियों का जलस्तर भी बढ़ा।
जमशेदपुर में बारिश से जलजमाव, निचले इलाकों में अलर्ट।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के प्रभाव से क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण चांडिल डैम का जलस्तर गुरुवार शाम 181 मीटर तक पहुंच गया।
गुरुवार सुबह डैम का जलस्तर 180.50 मीटर दर्ज किया गया था। जलस्तर में अचानक हुई इस वृद्धि को देखते हुए स्वर्णरेखा परियोजना प्रशासन ने तुरंत कदम उठाते हुए पानी की निकासी शुरू कर दी है।
9 रेडियल गेट खोलकर की जा रही पानी की निकासी
डैम के जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए कुल 13 रेडियल गेटों में से 9 गेटों को एक-एक मीटर तक खोल दिया गया है। पानी की तेज निकासी के बाद शाम से जलस्तर लगभग स्थिर बना हुआ है।
फिलहाल डूब क्षेत्र के किसी भी गांव में पानी घुसने की सूचना नहीं है, लेकिन जलस्तर बढ़ने से विस्थापित परिवारों की चिंताएं गहरा गई हैं।
परियोजना और जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार यदि बारिश जारी रहती है, तो जरूरत पड़ने पर अन्य रेडियल गेट भी खोले जा सकते हैं।
जमशेदपुर में 17 मिमी दर्ज हुई बारिश
जमशेदपुर में गुरुवार को 17 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान मेघ गर्जन और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे खरकई और स्वर्णरेखा नदियों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी देखी गई है। मौसम विभाग ने आगामी 26 सितंबर तक क्षेत्र में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
जाम नालियों से सड़कों पर हुआ जलजमाव
शहर में हुई इस बारिश ने नगर निकाय की सफाई व्यवस्था की भी पोल खोल दी। नालियों में कचरा जमा होने से जल निकासी अवरुद्ध हो गई।
जिससे कई प्रमुख सड़कों और निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई। नियमित सफाई न होने से परेशान स्थानीय निवासियों और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
