माता रानी के दर्शन का टिकट भी ‘हाउसफुल’! नवरात्रि से पहले सीटों की मारामारी; कोडरमा रूट की कई ट्रेनों में नो रूम
दुर्गापूजा और नवरात्रि के लिए वैष्णोदेवी, मैहर और विंध्याचल जाने वाली ट्रेनों में कोडरमा से सीटें अभी से फुल हो ...और पढ़ें

दुर्गापूजा और नवरात्रि के लिए बुकिंग खुलते ही ट्रेनों में सीटें भरीं।
HighLights
वैष्णोदेवी, मैहर, विंध्याचल जाने वाली ट्रेनें नवरात्रि के लिए अभी से फुल।
दुर्गापूजा और नवरात्रि के लिए बुकिंग खुलते ही ट्रेनों में सीटें भरीं।
संवाद सहयोगी, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। दुर्गापूजा में माता रानी के दर्शन का प्लान बना रहे श्रद्धालुओं के लिए इस बार रेल सफर की राह आसान नहीं होगी। कोडरमा होकर चलने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में दुर्गापूजा और नवरात्रि के दौरान सीटें अभी से फुल हो चुकी
हैं। कई ट्रेनों में तो ‘नो रूम’ की स्थिति बन गई है। बुकिंग खुलने के साथ ही यात्रियों ने टिकटों पर कब्जा जमा लिया है।
नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु वैष्णोदेवी, मैहर और विंध्याचल धाम की यात्रा करते हैं। ऐसे में इन धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाली ट्रेनों में सीटों की मारामारी सबसे अधिक है।
कोलकाता-जम्मूतवी में 9 अक्टूबर से सीटें नहीं
धनबाद-कोडरमा-गया होकर प्रतिदिन चलने वाली एकमात्र कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस में 9 अक्टूबर से ही सीटें उपलब्ध नहीं हैं। वहीं सियालदह-जम्मूतवी हमसफर एक्सप्रेस के स्लीपर क्लास में पूरे अक्टूबर महीने में नो रूम है। थर्ड एसी में भी लंबी वेटिंगलिस्ट चल रही है।
विंध्याचल और मैहर जानेवाली ट्रेनों में भी भीड़
विंध्याचल जाने वाली चंबल एक्सप्रेस में स्लीपर क्लास में वेटिंगलिस्ट है, जबकि थर्ड एसी में अक्टूबर के अलग-अलग दिनों में नो रूम की स्थिति है। वहीं मुंबई मेल में भी सीटें लगभग फुल हो चुकी हैं। मैहर जाने वाली शिप्रा एक्सप्रेस में भी कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना के कारण आने वाले दिनों में ट्रेनों में भीड़ और बढ़ सकती है।
धनबाद-सगोरिया स्पेशल में अभी राहत
विंध्याचल और मैहर जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। नवरात्रि के दौरान धनबाद-सोगरिया साप्ताहिक स्पेशल (09822) में टिकट बुक कराया जा सकता है। इस ट्रेन में 10 और 17 अक्टूबर को पर्याप्त सीटें उपलब्ध हैं।
विंध्याचल जाने वाले यात्री मीरजापुर तक टिकट बुक करा सकते हैं, जबकि मैहर के लिए ट्रेन से सीधे पहुंचने की सुविधा है। स्पेशल ट्रेन में स्लीपर, इकोनामी, थर्ड एसी और सेकंड एसी श्रेणी में बुकिंग उपलब्ध है।
स्पेशल ट्रेनों में अतिरिक्त कोच की तैयारी
रेलवे के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे आने वाले दिनों में अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने और मौजूदा ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने पर भी विचार कर रहा है। इससे दुर्गापूजा के दौरान धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले यात्रियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
