विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लाह-चूड़ी से खुलेगा रोजगार का रास्ता, कोडरमा में SC वर्ग की महिलाओं को मिल रही विशेष की ट्रेनिंग 

Published: Sat, 31 Oct 2026 11:52 AM (GMT+05:30)

कोडरमा के डोमचांच प्रखंड में 25 दिवसीय लाह चूड़ी प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ, जिसमें 20 अनुसूचित जाति की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

पंचायत भवन में 25 दिवसीय लाह चूड़ी प्रशिक्षण शुरू। फोटो जागरण

 पंचायत भवन में 25 दिवसीय लाह चूड़ी प्रशिक्षण शुरू। फोटो जागरण

HighLights

  1. डोमचांच में 25 दिवसीय लाह चूड़ी प्रशिक्षण शुरू।

  2. 20 अनुसूचित जाति की महिलाओं को मिलेगा प्रशिक्षण।

  3. कौशल विकास कर महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर, आर्थिक सशक्तिकरण।

संवाद सहयोगी, कोडरमा। डोमचांच प्रखंड अंतर्गत बगड़ो गांव स्थित पंचायत भवन में 25 दिवसीय लाह चूड़ी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड की विशेष घटक योजना के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है।

इस प्रशिक्षण के माध्यम से 20 अनुसूचित जाति की महिलाओं को लाह चूड़ी निर्माण एवं विभिन्न आकर्षक डिजाइनों को तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण मास्टर ट्रेनर वसीम द्वारा दिया जाएगा। वे जयपुर में लाह चूड़ी निर्माण के क्षेत्र में कार्य कर चुके हैं तथा अपने अनुभव एवं तकनीकी कौशल के माध्यम से महिलाओं को प्रशिक्षित करेंगे।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं का कौशल विकास करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा स्वरोजगार के अवसरों से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना है।

प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाएं लाह चूड़ी निर्माण की विभिन्न तकनीकों एवं डिजाइनों को सीखकर भविष्य में स्वयं का रोजगार शुरू कर सकेंगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ बगड़ो पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राजेंद्र प्रसाद यादव, पंचायत समिति सदस्य विजय कुमार, मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड के जिला समन्वयक शशिपति त्रिपाठी तथा प्रशिक्षण ट्रेनिंग कोआर्डिनेटर अब्दुल अंसारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस अवसर पर बोर्ड की ओर से प्रशिक्षणार्थियों के बीच प्रशिक्षण से संबंधित टूलकिट का भी वितरण किया गया, ताकि महिलाएं प्रशिक्षण के दौरान व्यावहारिक रूप से लाह चूड़ी निर्माण का कार्य सीख सकें।

कार्यक्रम का संचालन मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड के प्रखंड समन्वयक आशुतोष कुमार सिन्हा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सृजन फाउंडेशन की प्रतिनिधि अनीता कुमारी द्वारा किया गया।

यह भी पढ़ें- 7 महीने से फंड का इंतजार कर रहे स्कूलों को राहत, झारखंड में मिड-डे मील के लिए मिले 302 करोड़ रुपये

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।