झुमरीतिलैया से फरमाइशी गीतों का दौर वापस लाएगा, कोडरमा में 5 किलोवाट एफएम प्रसारण केंद्र
कोडरमा के लक्खीबागी में 5 किलोवाट क्षमता वाले एफएम प्रसारण केंद्र का निर्माण हो रहा है, जिससे झुमरीतिलैया की रेडियो ...और पढ़ें

लक्खीबागी में 5 किलोवाट क्षमता वाले एफएम प्रसारण केंद्र का हो रहा निर्माण।
संवाद सूत्र, कोडरमा। कभी रेडियो पर फरमाइशी गीतों के लिए देशभर में अपनी अलग पहचान रखने वाला झुमरीतिलैया एक बार फिर रेडियो की दुनिया में अपनी आवाज बुलंद करने की तैयारी में है। शहर के पुराने गौरव को नई पहचान देने की दिशा में कोडरमा के लक्खीबागी में 5 किलोवाट क्षमता वाले एफएम प्रसारण केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है।
केंद्र के शुरू होने के बाद न केवल कोडरमा, बल्कि आसपास के जिलों में भी एफएम रेडियो का प्रसारण आसानी से सुना जा सकेगा। इससे क्षेत्र के लोगों को मनोरंजन के साथ-साथ समाचार, सूचनाओं और विभिन्न कार्यक्रमों से जुड़ने का नया माध्यम मिलेगा।
लक्खीबागी स्थित पूर्व दूरदर्शन के रीले केंद्र बंद होने की स्थिति में उक्त जमीन जिला प्रशासन की ओर से आकाशवाणी रांची को हस्तांतरित की गई है। इसके बाद यहां एफएम प्रसारण केंद्र स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
फिलहाल केंद्र के लिए भवन निर्माण के साथ प्रसारण से संबंधित आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। 5 किलोवाट क्षमता के इस केंद्र के माध्यम से क्षेत्र में रेडियो प्रसारण का दायरा बढ़ाने की योजना है। इसका संचालन राजधानी रांची स्थित आकाशवाणी के द्वारा किया जाएगा।
चार जिलों तक पहुंचेगी एफएम की आवाज
वर्तमान में कोडरमा में हजारीबाग स्थित आकाशवाणी से 102.1 पर देश दुनिया की खबरों के साथ फिल्मी गीतों का प्रसारण सुना जाता है, लेकिन सुदुरवर्ती इलाकों में फ्रीक्वेशीं कम होने के कारण प्रसारण साफ नहीं सुनाई देता। ऐसे में एफएम प्रसारण केंद्र शुरू होने के बाद कोडरमा के अलावा आसपास के जिले के श्रोताओं को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
खास बात यह है कि प्रसारण का लाभ केवल रेडियो सेट तक सीमित नहीं रहेगा। लोग अपने मोबाइल फोन पर भी एफएम कार्यक्रम सुन सकेंगे। इससे नई पीढ़ी के साथ-साथ उन लोगों को भी रेडियो से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जो मोबाइल के माध्यम से मनोरंजन और जानकारी हासिल करना पसंद करते हैं।
फरमाइशी गीतों से जुड़ी है झुमरीतिलैया की पहचान
झुमरीतिलैया का नाम आते ही रेडियो पर फरमाइशी गीतों का दौर याद आ जाता है। एक समय था, जब देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग यहां के श्रोताओं के नाम और उनकी पसंद के गीत सुनने के लिए रेडियो कार्यक्रमों का इंतजार करते थे।
रेडियो पर गीतों की फरमाइश भेजने की परंपरा ने झुमरीतिलैया को देशभर में खास पहचान दिलाई थी। यहां के लोगों की रेडियो के प्रति दीवानगी की चर्चा दूर-दूर तक होती थी।
समय के साथ संचार के नए माध्यमों और मनोरंजन के बदलते साधनों ने रेडियो की लोकप्रियता को प्रभावित किया। बावजूद इसके झुमरीतिलैया की रेडियो से जुड़ी पहचान आज भी लोगों की यादों में कायम है। ऐसे में लक्खीबागी में एफएम प्रसारण केंद्र का निर्माण इस पुरानी पहचान को फिर से जीवंत करने की उम्मीद जगा रहा है।
मनोरंजन के साथ सूचना का भी बनेगा माध्यम
एफएम केंद्र शुरू होने से स्थानीय स्तर पर प्रसारण की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। रेडियो के माध्यम से लोगों तक उपयोगी जानकारियां, सामाजिक संदेश, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मनोरंजक सामग्री पहुंचाई जा सकेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में भी रेडियो की पहुंच को मजबूत करने में यह केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
लक्खीबागी में बन रहा आकाशवाणी का एफएम प्रसारण केंद्र केवल एक प्रसारण सुविधा नहीं, बल्कि झुमरीतिलैया की ऐतिहासिक रेडियो पहचान को नया जीवन देने की उम्मीद भी है, ताकि एक बार फिर रेडियो की आवाज के साथ फरमाइशी गीतों का पुराना दौर यादों से निकलकर वर्तमान में लौट सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।