विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोडरमा में 10 KM तक बेकाबू ट्रेलर का आतंक, कार को मारी टक्कर; आगे बस समेत कई वाहनों को भी ठोका

By Anup KumarEdited By: Mansi Kumari
Published: Sat, 28 Nov 2026 09:09 AM (IST)

कोडरमा में एक अनियंत्रित ट्रेलर ने 10 किलोमीटर तक सड़क पर तांडव मचाया, पहले कार और फिर बस सहित कई वाहनों को टक्कर मारी। इस घटना से अफरा-तफरी फैल गई, हालांकि सौभाग्य से किसी की जान नहीं गई और न ही कोई गंभीर रूप से घायल हुआ।

HighLights

  1. अनियंत्रित ट्रेलर ने कोडरमा में 10 किमी तक मचाया तांडव।

  2. कार, बस समेत कई वाहनों को टक्कर मारी, फैला दहशत।

संवाद सहयोगी, कोडरमा। जिले में बीती रात एक अनियंत्रित ट्रेलर ने सड़क पर करीब 10 किलोमीटर तक तांडव मचाया। तेज रफ्तार ट्रेलर चालक ने पहले तिलैया थाना क्षेत्र के गुमों दुर्गा मंदिर के पास एक कार को जोरदार टक्कर मारी।

इसके बाद मौके से भागने के क्रम में कोडरमा बाजार में एक बस समेत कई अन्य वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। लगातार टक्कर से सड़क पर अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। यह राहत की बात रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई और न ही कोई गंभीर रूप से घायल हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुमों दुर्गा मंदिर के पास ब्रेकर के समीप कार चालक सावधानीपूर्वक अपनी गाड़ी की गति धीमी कर रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे ट्रेलर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार एक लेन से दूसरे लेन में जा पहुंची। कार सवार युवक ने किसी तरह अपनी जान बचाई। हादसे के बाद युवक ने बताया कि वह ब्रेकर के पास गाड़ी धीमी कर रहा था, तभी पीछे से आ रहे ट्रेलर ने अचानक टक्कर मार दी। घटना इतनी अप्रत्याशित थी कि वह सहम गया।

koderma accident news

कार को टक्कर मारने के बाद भी ट्रेलर चालक नहीं रुका और वाहन लेकर आगे बढ़ता रहा। करीब 10 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद कोडरमा बाजार में ट्रेलर ने एक बस को जोरदार टक्कर मार दी। उस वक्त बस में यात्री सवार थे। टक्कर के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

इसके बाद ट्रेलर ने सड़क पर मौजूद कई अन्य वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। दो अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों के बाद लोगों में दहशत फैल गई। टक्कर की भयावहता के बावजूद संयोग रहा कि कार, बस और अन्य वाहनों में सवार लोग सुरक्षित बच गए। घटना ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार, अनियंत्रित वाहन परिचालन और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया। 

यह भी पढ़ें- रांची के बेड़ो में कोचिंग जा रही दस साल की छात्रा को 150 मीटर तक घसीट खेत में पलटी ओमनी वैन, मौके पर मौत

यह भी पढ़ें- कोलकाता के SRFTI में बवाल: छात्राओं का वीडियो बनाने और उत्पीड़न के आरोप में भड़का छात्रों का गुस्सा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।