कोडरमा थर्मल पावर प्लांट की कन्वेयर बेल्ट में लगी आग, CISF की तत्परता से टला बड़ा हादसा
कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन (केटीपीएस) के सीएचपी क्षेत्र में डेढ़ सौ मीटर ऊंचे कन्वेयर बेल्ट में आग लग गई, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है।

KTPS के कोल हैंडलिंग प्लांट में भड़की आग। (जागरण)
HighLights
केटीपीएस के सीएचपी क्षेत्र में कन्वेयर बेल्ट में आग लगी।
आग पर सीआईएसएफ अग्निशमन दल ने तुरंत काबू पाया।
लाखों रुपये के नुकसान की आशंका, कोई हताहत नहीं।
संवाद सहयोगी, कोडरमा। डीवीसी के कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन (केटीपीएस) के सीएचपी (कोल हैंडलिंग प्लांट) क्षेत्र में शनिवार शाम कन्वेयर बेल्ट टीपी-3 में अचानक आग लगने से प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना शाम करीब 6:15 बजे की बताई जा रही है। कोयला ढुलाई के दौरान कन्वेयर बेल्ट में आग लगने से उसका बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।
हालांकि, केटीपीएस प्लांट में तैनात सीआईएसएफ अग्निशमन दल की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
बताया गया कि बिजली उत्पादन के दौरान कन्वेयर बेल्ट के जरिए कोयला ले जाया जा रहा था। इसी क्रम में अचानक बेल्ट में आग लग गई।
आग तेजी से फैलने लगी और कन्वेयर बेल्ट का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही सीआईएसएफ अग्निशमन विभाग के डिप्टी कमांडेंट महेश कुमार एवं प्रेमचंद शर्मा के नेतृत्व में अग्निशमन कर्मी मौके पर पहुंचे।
150 मीटर ऊंचाई पर पहुंचकर बुझाई आग
अग्निशमन कर्मियों ने दो दमकल वाहनों की मदद से करीब 150 मीटर ऊंचाई पर स्थित कन्वेयर बेल्ट तक पहुंचकर काफी मशक्कत की और आग पर काबू पाया।
टीम ने आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया। कन्वेयर बेल्ट के क्षतिग्रस्त होने से डीवीसी को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। बताया जाता है कि लगातार कोयला परिवहन के दौरान कन्वेयर बेल्ट के गर्म होने से इस तरह की आग लगने की घटनाएं होती हैं।
हालांकि, शनिवार की घटना में किसी के हताहत होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है।
यह भी पढ़ें- झुमरीतिलैया से फरमाइशी गीतों का दौर वापस लाएगा, कोडरमा में 5 किलोवाट एफएम प्रसारण केंद्र