विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

10 दिन का अल्टीमेटम खत्म, शिक्षक की बहाली के लिए फिर समाहरणालय पहुंचीं कोडरमा की छात्राएं

Published: Wed, 18 Nov 2026 05:41 PM (IST)

सीएम उत्कृष्ट सीडी बालिका विद्यालय की छात्राएं अपने निलंबित शिक्षक शशिभूषण सिंह की बहाली की मांग को लेकर कोडरमा समाहरणालय ...और पढ़ें

HighLights

  1. छात्राएं निलंबित शिक्षक शशिभूषण सिंह के समर्थन में प्रदर्शन कर रही हैं।

  2. कोडरमा समाहरणालय पहुंचकर डीईओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

संवाद सहयोगी, कोडरमा। सीएम उत्कृष्ट सीडी बालिका विद्यालय की छात्राओं का अपने निलंबित शिक्षक शशिभूषण सिंह के समर्थन में आंदोलन एक बार फिर तेज हो गया है। शिक्षक की विद्यालय में पुनर्बहाली की मांग को लेकर छात्राएं बुधवार को विद्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर कोडरमा समाहरणालय स्थित डीसी कार्यालय पहुंचीं।

यहां छात्राओं ने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शिक्षक शशिभूषण सिंह को दोबारा विद्यालय में बहाल करने की मांग उठाई। छात्राओं का कहना था कि शिक्षक के निलंबन के बाद से ही वे लगातार उनकी बहाली की मांग कर रही हैं, लेकिन अब तक उनकी मांग पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। प्रशासन की ओर से आश्वासन मिलने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से छात्राओं में नाराजगी है।

इसी के विरोध में उन्होंने एक बार फिर विद्यालय से निकलकर समाहरणालय तक पहुंची। उल्लेखनीय है कि दीपावली की छुट्टी से पहले इस मामले को लेकर कोडरमा के एसडीओ, सीओ, डीईओ समेत अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी में छात्राओं और प्रशासन के बीच वार्ता हुई थी। बैठक में छात्राओं की मांग पर दस दिनों के भीतर जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया था।

छात्राओं को उम्मीद थी कि निर्धारित समय सीमा के भीतर मामले का समाधान हो जाएगा। हालांकि, दस दिन बीत जाने के बाद भी न तो निलंबन वापस लिया गया और न ही उनकी मांग पर कोई स्पष्ट निर्णय सामने आया। गौरतलब है कि शिक्षक शशिभूषण सिंह के निलंबन के बाद भी छात्राओं ने कई बार विरोध प्रदर्शन किया था। स्कूल गेट पर प्रदर्शन से लेकर झुमरीतिलैया के झंडा चौक पर सड़क जाम तक की थी।

मामला इतना बढ़ा कि प्रशासनिक अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा था। अब एक बार फिर छात्राओं के समाहरणालय पहुंचने से शिक्षक का निलंबन और उनकी विद्यालय में पुनर्बहाली का मामला चर्चा में आ गया है। 

यह भी पढ़ें- जिस शिक्षक की शिकायत की, उसी को सौंप दिया स्कूल का प्रभार; कोडरमा में शिक्षा विभाग का अजीब फैसला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।