जिस शिक्षक की शिकायत की, उसी को सौंप दिया स्कूल का प्रभार; कोडरमा में शिक्षा विभाग का अजीब फैसला
कोडरमा के उत्क्रमित उच्च विद्यालय-2, जगदीशपुर में प्रभारी प्रधानाध्यापक पंकज कुमार ने कनीय शिक्षक गगन कुमार दास के खिलाफ अनुशासनहीनता ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
HighLights
प्रधानाध्यापक ने कनीय शिक्षक के खिलाफ अनुशासनहीनता की शिकायत की।
शिकायत के बाद प्रधानाध्यापक को हटाकर कनीय शिक्षक को प्रभार मिला।
संवाद सहयोगी, कोडरमा। जिले के उत्क्रमित उच्च विद्यालय-2, जगदीशपुर में प्रशासनिक विवाद के बाद अजीबोगरीब मामला सामने आया है। कनीय शिक्षक के खिलाफ अनुशासनहीनता समेत अन्य मामलों की शिकायत करना विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक पंकज कुमार को भारी पड़ गया है।
शिकायत के कुछ दिनों बाद ही उन्हें प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद से हटाते हुए विद्यालय का संपूर्ण प्रभार संबंधित शिक्षक गगन कुमार दास को सौंपने का आदेश जारी कर दिया गया। इस घटनाक्रम के बाद शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
वहीं, मौजूदा परिस्थितियों में कार्य करने में व्यावहारिक कठिनाइयों और मानसिक तनाव की आशंका जताते हुए पंकज कुमार ने जिले के किसी अन्य विद्यालय में स्थानांतरण की मांग की है।
शिकायत के बाद उसी शिक्षक को सौंपा गया प्रभार
पंकज कुमार के अनुसार, उन्होंने कनीय शिक्षक गगन कुमार दास के विरुद्ध अनुशासनहीनता एवं अन्य मामलों को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में शिकायत की थी। इस संबंध में विद्यालय के पत्रांक 88/2026, दिनांक 26 अक्टूबर 2026 के माध्यम से विभाग को विधिवत सूचना भी दी गई थी।
उनका कहना है कि शिकायत पर संबंधित शिक्षक के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने के बजाय जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से 29 अक्टूबर 2026 को विद्यालय का संपूर्ण प्रभार गगन कुमार दास को सौंपने का आदेश जारी कर दिया गया।
पंकज कुमार का कहना है कि जिस शिक्षक के विरुद्ध उन्होंने विभाग में शिकायत की है, उसी के अधीनस्थ परिस्थितियों में काम करना उनके लिए मानसिक तनाव और व्यावहारिक कठिनाइयों का कारण बन सकता है।
एनसीसी संचालित विद्यालय में स्थानांतरण की मांग
अपने आवेदन में पंकज कुमार ने उल्लेख किया है कि वे विद्यालय में एनसीसी शिक्षक के साथ एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर (एएनओ) के रूप में भी कार्यरत हैं। उन्होंने विभागीय संकल्प संख्या 2093, दिनांक 6 अगस्त 2019 की कंडिका 6 (ग) (IV) का हवाला देते हुए जिले के ऐसे एनसीसी संचालित विद्यालय में स्थानांतरण की मांग की है, जहां एएनओ एवं अर्थशास्त्र विषय के शिक्षक का पद रिक्त हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।