विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोडरमा घाटी में अब तेज रफ्तार पर लगेगा ब्रेक, कैमरे करेंगे निगरानी; नियम तोड़ा तो कटेगा ऑटो चालान

Published: Sun, 20 Sep 2026 08:05 AM (IST)

कोडरमा घाटी सहित एनएच पर सड़क हादसों को नियंत्रित करने और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (एटीएमएस) लागू किया जाएगा।

एनएच पर एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू होगा।

एनएच पर एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम लागू होगा।

जागरण संवाददाता, कोडरमा। कोडरमा घाटी समेत एनएच के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सड़क हादसों पर नियंत्रण और वाहनों की तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके तहत एनएच के अधिकांश हिस्सों को एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम से जोड़ा जाएगा।

इस एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (एटीएमएस) के तहत हाइवे को आधुनिक तकनीकी व्यवस्था से जोड़ना है, ताकि यातायात को सुरक्षित, सुगम और नियंत्रित बनाया जा सके। इसमें सर्विलांस कैमरों से वाहनों की निगरानी भी की जाएगी। इससे संभावित दुर्घटना वाले चिह्नित स्थलों में रफ्तार पर ब्रेक लगेगी।

वहीं दुर्घटनाओं को रोकने के अलावा तत्काल सहायता एवं यात्रियों को सुरक्षा प्रदान करना है। वर्तमान में दुर्घटनाओं के 80 फीसद कारण तेज रफ्तार बन रहा है, जिससे जानमाल की भारी नुकसान हो रही है। गत दिनों उपायुक्त स्तर से एनएच के पदाधिकारियों को इस संबंध में दिशा-निर्देश दिया गया है। खास तौर पर एनएच में सर्विलांस कैमरा लगाने को कहा गया है।

एनएचएआई द्वारा इसकी पहल शुरू कर दी गई है। डीटीओ और पुलिस पदाधिकारी संयुक्त रूप से दुर्घटना संभावित स्थलों का चयन करेंगे, जहां सर्विलांस कैमरा स्थापित किये जाएंगे। वहीं नियम तोड़ने वाले वाहन चालक को स्वत: चालान होगा। इस हाईटेक व्यवस्था सड़क पर तेज गति वाले वाहनों की निगरानी में कारगर साबित होगा।

जेजे कॉलेज से बागीटांड़ तक सड़क चौड़ीकरण की तैयारी

हादसों पर नियंत्रण के लिए जेजे कॉलेज से बागीटांड़ तक सड़क चौड़ीकरण की भी योजना है। एनएचएआई की ओर से इसका प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा गया है। वर्तमान में जेजे कालेज तक ही फोर लेन सड़क का निर्माण किया गया है। जबकि जेजे कालेज से कोडरमा बागीटांड़ तक वाहनों की भारी भीड़ के कारण आये दिन जाम की स्थिति बनी रहती है।

सड़क चौड़ीकरण से जहां वाहनों का आवागमन सुचारू हो सकेगा, वहीं जाम से भी लोगों को राहत मिलेगी। फिलहाल एनएचएआई द्वारा बताया गया है कि जेजे कालेज से बागीटांड़ तक सड़क चौड़ीकरण एवं स्ट्रीट लाईट लगाने के लिए प्राक्ललन तैयान कर सक्षम पदाधिकारी को भेजा गया है।

यात्रियों को राहत देने के लिए एमिनिटिज सेंटर होगा विकसित

लंबी दूरी के वाहन चालकों व यात्रियों को राहत देने के लिए एमिनिटिज सेंटर विकसित करने की तैयारी है। इसके लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग की गई है। यहां यात्रियों के लिए विश्राम की व्यवस्था, भोजन सेवाएं, शौचालय, पार्क, चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था होगी।

एनएचएआई के परियोजना पदाधिकारी द्वारा इसके लिए भूमि की मांग की गई है। माना जा रहा है कि चंदवारा में भूमि चिह्नित कर एमिनिटिज के लिए दिया जाएगा।

क्या कहते है अधिकारी?

एनएचएआई को उपायुक्त स्तर से एनएच में एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम बहाल करने, जेजे कालेज से बागीटांड़ तक रोड चौड़ीकरण एवं स्ट्रीट लाइट लगाने, एमिनिटिज सेंटर विकसित करने सहित अन्य जरूरी व्यवस्था का निर्देश दिया गया है। एनएच में एडवांस कैमरा लगाने की तैयारी है, जिससे तेज रफ्तार पर नजर रखी जाएगी।

-विजय सोनी, डीटीओ कोडरमा।

यह भी पढ़ें- कोडरमा घाटी से निकलते वक्त अलर्ट रहें, रफ्तार और लापरवाही से सितंबर में पांच बड़े हादसे

यह भी पढ़ें- कोडरमा-हजारीबाग समेत झारखंड के यात्रियों को बड़ी सौगात, चोपन-मधुपुर एक्सप्रेस को मिली मंजूरी