कोडरमा में एक महीने से बंद थी टैक्स वसूली, अब अगले हफ्ते से खुद नगर परिषद करेगा कलेक्शन
झारखंड के नगर निकायों में लगभग एक महीने से बंद पड़ी टैक्स वसूली अगले हफ्ते से फिर शुरू होगी। झुमरीतिलैया ...और पढ़ें

झुमरीतिलैया नगर परिषद। जागरण
HighLights
झारखंड में एक माह से बंद टैक्स वसूली अगले हफ्ते से शुरू।
झुमरीतिलैया नगर परिषद अब खुद करेगा संपत्ति और होल्डिंग टैक्स संग्रह।
संवाद सहयोगी, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। निकाय के अंतर्गत झारखण्ड के नगर निगम, नगर परिषद एवं नगर पंचायत में लगभग एक माह से बंद पड़ी टैक्स वसूली अगले हफ्ते से शुरू हो सकती है।
सूडा के निदेशक सूरज कुमार ने सभी नगर निकायों के नगर आयुक्त, कार्यपालक पदाधिकारी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में निर्देश दिया कि नगर निगम एवं नगर परिषद व नगर पंचायत खुद से टैक्स वसूली की तैयारी कर लें। निकायों के टैक्स कलेक्टर को सूडा की ओर से आईडी और पासवर्ड दिए जाएंगे।
कोडरमा झुमरीतिलैया और डोमचांच समेत पूरे झारखंड में 25 अगस्त से प्रापर्टी व होल्डिंग टैक्स वसूली का काम ठप पड़ा है। इधर, वीडियो कॉफ्र्रेसिंग नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अंकित गुप्ता एवं सीटी मैनेजर रणधीर वर्मा शामिल हुए वहीं सरकार ने आदेश जारी कर निजी एजेंसी को टैक्स वसूली से हटा दिया। झुमरीतिलैया नगर परिषद में 4 राजस्व निरीक्षक व 1 टैक्स कलेक्टर हैं। अब शहर वसूली का काम टैक्स कलेक्टर के जिम्मे होगा।
करोड़ लक्ष्य, ढाई करोड़ की वसूली
झुमरीतिलैया नगर परिषद को चालू वित्तीय वर्ष-2026-27 में 9 करोड़ का लक्ष्य दिया गया है। अबतक ढाई करोड़ लगभग 30 प्रतिशत की टैक्स वसूली हुई है। अचानक से टैक्स राजस्व बंद होने पर नगर परिषद पर राजस्व वसूली का दबाव बढ़ गया है। सूडा की वेबसाइट पर टैक्स की सुविधा अभी मिल रही है, लेकिन वहां भी नेट बैंकिंग, डेबिट और क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ही टैक्स जमा कर सकते हैं।
रितिका प्रिंटेक के 13 कर्मियों की नौकरी गई
गत कई वर्षो साल से झुमरीतिलैया में टैक्स वसूली का काम कर रही एजेंसी रितिका प्रिंटेक को सरकार ने हटा दिया है। ऐसे में कंपनी में काम करने वाले 13 कर्मियों की नौकरी खत्म हो गई है। नगर परिषद द्वारा निजी एजेंसी रखकर टैक्स वसूली की संभावना सरकार के आदेश के बाद खत्म हो गई है।
