खड़ी मालगाड़ी के नीचे से रेंगकर निकले झारखंड राज्य पिछड़ा आयोग के अध्यक्ष, रेलवे अंडरपास ना होने से ग्रामीण परेशान
झारखंड राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव को कोडरमा के रेभनाडीह में रेलवे लाइन पार करने के ...और पढ़ें

जानकी यादव ने मालगाड़ी के नीचे से रेंगकर रेलवे लाइन पार की। जागरण
HighLights
जानकी यादव ने मालगाड़ी के नीचे से रेंगकर रेलवे लाइन पार की।
पूर्व विधायक ने रेल मंत्री को ज्ञापन सौंपा था, अब कार्रवाई की मांग।
जागरण संवाददाता, कोडरमा। रेलवे अंडरपास नहीं होने का दर्द कितना गंभीर है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शुक्रवार शाम झारखंड राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष एवं बरकट्ठा के पूर्व विधायक जानकी प्रसाद यादव को भी रेलवे लाइन पार करने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।
आखिरकार उन्हें खड़ी मालगाड़ी के नीचे से रेंगकर दूसरी ओर जाना पड़ा। जयनगर प्रखंड के हीरोडीह पंचायत अंतर्गत रेभनाडीह गांव की यह समस्या हजारों ग्रामीणों के लिए रोजमर्रा की परेशानी बन गई है। रेलवे लाइन के किनारे लोहे की चादरों से घेराबंदी किए जाने के बाद लोगों की आवाजाही और भी मुश्किल हो गई है।
रेलवे लाइन ने गांव को दो हिस्सों में बांटा
जानकी यादव ने कहा कि रेलवे लाइन के दोनों ओर ग्रामीणों की खेती की जमीन है। रेल लाइन निर्माण के दौरान ग्रामीणों ने अपनी जमीन दी थी, लेकिन अब उसी रेल लाइन के कारण उन्हें अपने खेतों और जरूरी कामकाज के लिए परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं के साथ पशुओं की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। अंडरपास नहीं होने से लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है।

वहीं, बांझेडीह पावर प्लांट के लिए कोयला दूरी के लिए यहां एक अलग लाइन तैयार की गई है जहां मालगाड़ी घंटों खड़ी रहती है। ऐसे में लोग खड़ी मालगाड़ी के नीचे से गुजरते हैं जो जानलेवा साबित हो सकता है। इसी परेशानी का उन्हें काफी देर तक एहसास करना पड़ा बाद में उन्होंने मालगाड़ी के नीचे से गुजरने का फैसला लिया। इसका उद्देश्य यह भी है कि इसकी आवाज रेलवे की उच्च अधिकारियों तक पहुंचे।
जिला मुख्यालय पहुंचना भी चुनौती
रेभनाडीह समेत आसपास के आबादी वाले गांवों के लोगों को कोडरमा जिला मुख्यालय और झुमरी तिलैया बाजार पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। खेती-बारी और रोजमर्रा के कामकाज पर भी इसका असर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे द्वारा फुट ओवरब्रिज बनाए जाने के बावजूद उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ऐसे में अंडरपास का निर्माण क्षेत्र की बड़ी जरूरत बन गया है।
विधायक रहते रेल मंत्री को सौंपा था ज्ञापन
जानकी प्रसाद यादव ने बताया कि हीरोडीह स्टेशन रोड के लिए जमीन उपलब्ध कराने और रेभनाडीह में रेलवे अंडरपास निर्माण की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। विधायक रहते हुए भी उन्होंने रेल मंत्री से मिलकर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने धनबाद रेल मंडल के डीआरएम सहित संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों से उच्चस्तरीय टीम गठित कर स्थल निरीक्षण कराने और समस्या के समाधान की दिशा में ठोस पहल करने की मांग की है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ सकता है और वे आंदोलन के लिए बाध्य हो सकते हैं। उन्होंने रेल प्रशासन से लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र अंडरपास निर्माण की दिशा में कदम उठाने की मांग की, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
