SIR Jharkhand: नए मतदाताओं में 3.89 प्रतिशत की वृद्धि, कोडरमा और धनबाद में ज्यादा बढ़े वोटर
झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में 3.89% नए मतदाता जुड़े हैं, जो चुनाव आयोग के 8% वृद्धि ...और पढ़ें

चुनाव आयाेग द्वारा की जा रही कम से कम आठ प्रतिशत की वृद्धि की अपेक्षा।
HighLights
नए मतदाताओं में 3.89% की वृद्धि दर्ज की गई।
चुनाव आयोग की 8% वृद्धि की अपेक्षा से कम।
फार्म-6 पंजीकरण, डिजिटलीकरण में तेजी लाने के निर्देश।
राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत फार्म-6 के माध्यम से पंजीकरण के लिए 8,59,162 आवेदन प्राप्त हुए हैैं। इस तरह, प्रारुप मतदाता सूची में दर्ज 2,21,01,249 मतदाताओं में नए मतदाताओं के समावेशन से 3.89 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है। हालांकि यह चुनाव आयोग की अपेक्षा के अनुरूप काफी कम है।
आयोग को इस पुनरीक्षण के माध्यम से मतदाताओं की संख्या में कम से कम आठ प्रतिशत की वृद्धि की अपेक्षा है। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने फार्म-6 प्राप्त करने तथा उसके डिजिटाइजेशन में तेजी लाने के निर्देश सभी उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को दिए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर प्रतिदिन कम-से-कम दो नए फार्म-6 का डिजिटाइजेशन सुनिश्चित हो। जिन बूथों पर डिजिटाइजेशन की प्रगति अपेक्षाकृत कमजोर है, वहां संबंधित बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करते हुए कार्य में तेजी लाई जाए।
होम-टू-रोल वेरीफिकेशन के दौरान ऐसे पात्र भारतीय नागरिकों की भी पहचान की जाए, जिन्हें आवश्यक दस्तावेज की उपलब्धता, फार्म भरने अथवा पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने में किसी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता है।
कोडरमा जिला तथा धनबाद विधानसभा क्षेत्र आगे
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय को मिली रिपोर्ट के अनुसार, प्रति मतदान केंद्र औसतन 27 आवेदन फार्म-6 के रूप में मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए प्राप्त हुए हैं। अबतक मतदाताओं की संख्या में वृद्धि में कोडरमा जिला तथा विधानसभा क्षेत्र में धनबाद सबसे आगे है।
मतदाताओं में जिलावार वृद्धि कोडरमा में 5.80, पलामू में 4.86, पश्चिमी सिंहभूम में 4.85, खूंटी में 4.38 तथा सिमडेगा में 4.35 प्रतिशत रही। सबसे कम वृद्धि पाकुड़ में 2.85, जामताड़ा में 2.87, देवघर में 2.89, गोड्डा में 3.13 तथा दुमका में 3.22 प्रतिशत वृद्धि दर्ज हुई है।
इसी तरह, विधानसभा क्षेत्रवार में धनबाद में 6.18, कोडरमा में 5.80, मझगांव में 5.47, जमशेदपुर पश्चिम में 5.35 तथा डाल्टनगंज में 5.22 प्रतिशत वृद्धि हुई। वहीं, चंदनकियारी में 2.56, महेशपुर में 2.65, सारठ में 2.68, नाला में 2.74 तथा गोड्डा में 2.83 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है।
