कोडरमा उपायुक्त के नाम पर फर्जी फेसबुक आईडी से ठगी का प्रयास, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
कोडरमा उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर एक फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई है, जिससे लोगों ...और पढ़ें

उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के नाम पर फर्जी फेसबुक आईडी। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के नाम पर फर्जी फेसबुक आईडी।
प्रशासन ने लोगों को संदिग्ध आईडी से सतर्क रहने को कहा।
संवाद सहयोगी, कोडरमा। कोडरमा के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाए जाने का मामला सामने आया है। ‘उत्कर्ष गुप्ता आईएएस’ नाम से बनाई गई इस फर्जी आईडी से लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजने और मैसेज किए जाने की सूचना जिला प्रशासन को मिली है। मामले को लेकर प्रशासन ने आम लोगों को सतर्क किया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपायुक्त अपनी निजी फेसबुक आईडी से किसी भी नागरिक को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर आर्थिक सहायता, धनराशि अथवा व्यक्तिगत जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध नहीं करते हैं।

ऐसे में यदि किसी व्यक्ति को उपायुक्त के नाम या फोटो वाली किसी संदिग्ध आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट, मैसेज, कॉल या किसी प्रकार का आर्थिक अथवा निजी जानकारी से संबंधित अनुरोध प्राप्त होता है, तो उस पर भरोसा नहीं करें।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि फर्जी आईडी से आने वाले किसी भी संदेश का जवाब न दें और अपनी निजी, बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करें। संदिग्ध प्रोफाइल को तत्काल फेसबुक पर रिपोर्ट कर ब्लॉक करें।
साथ ही, यदि किसी व्यक्ति को इस फर्जी आईडी के माध्यम से साइबर ठगी या अन्य साइबर अपराध की आशंका हो, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना या साइबर थाना को दें। जिला प्रशासन ने कहा है कि सोशल मीडिया पर अधिकारियों के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर लोगों को भ्रमित करने वालों से सावधान रहने की जरूरत है।
