विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

25 वर्षों में बदला कोडरमा का औद्योगिक चेहरा: माइका दम तोड़ा, स्टील उद्योग बना सहारा

Published: Wed, 04 Nov 2026 03:06 PM (IST)

कोडरमा में पिछले 25 वर्षों में औद्योगिक परिदृश्य में बड़ा बदलाव आया है, जहां कभी माइका और पत्थर उद्योग प्रमुख ...और पढ़ें

25 वर्षों में बदला कोडरमा का औद्योगिक चेहरा

25 वर्षों में बदला कोडरमा का औद्योगिक चेहरा

HighLights

  1. कोडरमा में 25 वर्षों में औद्योगिक परिदृश्य में बदलाव आया।

  2. माइका और पत्थर उद्योग का पतन, स्टील उद्योग का उदय।

  3. रोजगार सृजन हेतु नए औद्योगिक रोडमैप की आवश्यकता है।

जागरण संवाददाता, कोडरमा। झारखंड गठन के समय वर्ष 2000 में कोडरमा की औद्योगिक पहचान मुख्य रूप से माइका और पत्थर उद्योग से थी। डोमचांच, मरकच्चो और चंदवारा जैसे इलाकों में माइका खनन, प्रसंस्करण और पत्थर कारोबार से बड़ी आबादी की आजीविका जुड़ी थी। 

हालांकि, संगठित उद्योगों की संख्या सीमित थी और रोजगार के अवसर भी कम थे। जिले के युवाओं के सामने स्थानीय स्तर पर रोजगार के विकल्प सीमित होने के कारण दूसरे शहरों की ओर पलायन मजबूरी थी।

स्टील फैक्ट्रियों में हजारों को रोजगार, केटीपीएस में सीमित

पिछले 25 वर्षों में कोडरमा के औद्योगिक परिदृश्य में बदलाव आया है। जिले में करीब आठ-दस आयरन एवं स्टील फैक्ट्रियां संचालित हैं, जिनसे लगभग 10 हजार लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हैं।

वर्ष 2013 में केटीपीएस की स्थापना और रेलवे लाइनों के विस्तार से भी रोजगार के अवसर बढ़े। हालांकि, बड़े संस्थानों में स्थानीय युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिला।

दूसरी ओर, कभी जिले की पहचान रहे माइका उद्योग में रोजगार लगभग समाप्त हो चुका है। वर्ष 2020 के बाद पर्यावरणीय कारणों से माइका फैक्ट्रियों के अलावा सैकड़ों पत्थर खदानें और क्रशर बंद हो गए। इससे हजारों श्रमिकों की आजीविका प्रभावित हुई। 

आयरन-स्टील उद्योग भी बिजली की बढ़ती दरों, स्थानीय समस्याओं और हफ्ता वसूली जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है। दो प्लांट बंद होने की बात भी सामने आई है। रोजगार की बदलती तस्वीर में जेन-जी और जेन-अल्फा की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो रही है। वर्तमान में जेन-जी के बड़ी संख्या में युवा गिग वर्कर्स के रूप में डिलीवरी, ऑनलाइन सेवाओं और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े काम कर रहे हैं। आने वाले समय में इस क्षेत्र में अवसर और बढ़ने की संभावना है।

माइका व पर्यटन के क्षेत्र में नए रोडमैप की जरूरत

अगले 25 वर्षों में कोडरमा को रोजगार का नया केंद्र बनाने के लिए खनिज आधारित उद्योगों के साथ रोजगार के दूसरे विकल्पों पर भी ध्यान देना होगा। माइका और पत्थर उद्योग को पर्यावरणीय नियमों के अनुरूप पुनर्जीवित करने, स्टील उद्योग को बिजली में राहत देने और नए निवेश को प्रोत्साहित करने की जरूरत है। इसके अलावा पर्यटन, फूड प्रोसेसिंग, वन उत्पाद, मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कालेज और तकनीकी शिक्षण संस्थानों के विकास से रोजगार के नए रास्ते खुल सकते हैं। 

गिग इकोनॉमी, डिजिटल सेवाओं और छोटे उद्यमों को बढ़ावा देकर स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से भी जोड़ा जा सकता है। इसके लिए कौशल विकास, आसान ऋण और बाजार उपलब्ध कराने की व्यवस्था जरूरी होगी। सरकार और जनप्रतिनिधियों को ऐसा औद्योगिक रोडमैप तैयार करना होगा, जिसमें स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता मिले और खनिज संपदा का लाभ प्रभावित गांवों तक पहुंचे।

बिजली की दर व स्थानीय समस्या बाधक: केडिया

जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रदीप केडिया बताते हैं कि कोडरमा में आयरन और स्टील उद्योग अच्छी संख्या में लोगों को रोजगार दे रहे हैं। लेकिन हाल के दिनों में बिजली टैरिफ में लगभग डेढ़ गुना बढ़ोतरी से उद्योगों की लागत बढ़ गई है। 

बिहार और बंगाल में स्टील प्लांटों को बिजली पर सब्सिडी मिलती है, जबकि झारखंड में ऐसी राहत नहीं है। इससे यहां के उद्योग प्रतिस्पर्धा में पिछड़ रहे हैं। सरकार को बिजली दरों में राहत देने और स्थानीय समस्याओं का समाधान करने की जरूरत है, ताकि नए निवेश के साथ वर्तमान उद्योग भी सुरक्षित रह सकें।

माइका व पत्थर उद्योग दे सकता है बड़े पैमाने पर रोजगार: संघई

कारोबारी किशन संघई के अनुसार, कोडरमा का आयरन-स्टील उद्योग स्थानीय लोगों को बड़े पैमाने पर रोजगार दे रहा है, लेकिन स्थानीय अड़चनों के कारण दो प्लांट बंद हो चुके हैं। बिजली दरों में वृद्धि भी बड़ी समस्या है। 

सरकार को माइका और पत्थर उद्योग के लिए स्पष्ट एवं व्यावहारिक नीतिगत निर्णय लेना चाहिए। पर्यावरणीय नियमों का पालन करते हुए बंद खदानों और उद्योगों को फिर से शुरू करने की दिशा में पहल होनी चाहिए। इन दोनों क्षेत्रों में रोजगार सृजन की अपार संभावनाएं हैं।

यह भी पढ़ें- कोडरमा-गया रेलखंड पर पहाड़ियों के बीच डबल लाइन का कार्य शुरू, गुरपा घाट पर बनेगा नया रूट



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।