कोडरमा-गया रेलखंड पर पहाड़ियों के बीच डबल लाइन का कार्य शुरू, गुरपा घाट पर बनेगा नया रूट
कोडरमा-गया रेलखंड पर डीएफसीसी की नई डबल लाइन का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसमें गुरपा-गंझंडी घाट सेक्शन पर नया रूट बनेगा।

गुरपा-गंझंडी रूट पर नई रेल लाइन का काम शुरू।
HighLights
डीएफसीसी की नई डबल लाइन का निर्माण जारी।
गुरपा-गंझंडी घाट पर बनेगा नया रेल रूट।
पहाड़पुर स्टेशन का आधुनिकीकरण, सुविधाएं बढ़ेंगी।
संवाद सूत्र, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। नई दिल्ली-हावड़ा ग्रैंड कार्ड रेलखंड पर ट्रेनों को 160 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलाने की तैयारी के तहत ट्रैक, सिग्नल प्रणाली और दोनों ओर बैरिकेडिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है।
वहीं कोडरमा-गया रेलखंड पर डेडिकेटेड फ्रेट कोरिडोर कारपोरेशन (डीएफसीसी) की नई डबल लाइन का निर्माण कार्य जारी है। गुरपा-गंझंडी घाट सेक्शन में तीखे ढलान के कारण भारी मालगाड़ियों के परिचालन में परेशानी होती है।
इसे देखते हुए पहाड़ियों के बीच नया रूट तैयार किया जाएगा। इसमें सुरंग, बड़े पुल और रेल ओवर रेल फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। निर्माण की निर्धारित अवधि 1600 दिन है।
डीएफसीसी लाइन के लिए कोडरमा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक स्थित तीन मंजिला भवन को हटाया जाएगा। इसके विकल्प में नया भवन तैयार हो चुका है, जिसे इसी वित्तीय वर्ष में यात्रियों के लिए शुरू करने की योजना है।
इसमें आरक्षण एवं सामान्य टिकट काउंटर, स्टेशन प्रबंधक कक्ष, रिटायरिंग रूम और आइआरसीटीसी किचन की सुविधा होगी।
गया-कोडरमा रेलखंड पर करीब 190.31 करोड़ रुपये की योजनाएं भी चल रही हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 28.10 करोड़ रुपये से पहाड़पुर स्टेशन का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
वहीं टनकुप्पा, गुरपा, दिलवा, बंधुआ, बंशीनाला और पहाड़पुर स्टेशनों पर करीब 80 लाख रुपये से दिव्यांग यात्रियों के लिए सुविधाएं विकसित होंगी।
इसके अलावा 142 करोड़ रुपये की लागत से गुरपा-पहाड़पुर, पहाड़पुर-टनकुप्पा और टनकुप्पा-बंधुआ के तीन रेलवे क्रॉसिंग पर रोड ओवरब्रिज बनाए जाएंगे।
इन परियोजनाओं से रेल एवं सड़क यातायात सुगम होने के साथ माल ढुलाई, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को गति मिलने की उम्मीद है।