विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नई दिल्ली-हावड़ा ग्रैंड कॉर्ड रेलखंड के 120 साल: गुरपा-गझंडी घाट की दुर्गम पहाड़ियों में रेलवे सुरंगों का इतिहास, 6 दिसंबर को जश्न

Published: Tue, 24 Nov 2026 05:13 PM (IST)

भारतीय रेलवे के नई दिल्ली-हावड़ा ग्रैंड कॉर्ड रेलखंड के 120 वर्ष पूरे होने पर 6 दिसंबर को गझंडी स्टेशन पर भव्य समारोह होगा। ब्रिटिश कालीन गुरपा-गझंडी घाट सेक्शन की दुर्गम पहाड़ियों और सुरंगों के निर्माण की गौरवगाथा भी देखेंगे।

गझंडी स्टेशन पर 6 दिसंबर को होगा आयोजन, डीआरएम ने तैयारियों का लिया जायजा।

गझंडी स्टेशन पर 6 दिसंबर को होगा आयोजन, डीआरएम ने तैयारियों का लिया जायजा।

संवाद सूत्र, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। भारतीय रेलवे के ऐतिहासिक नई दिल्ली-हावड़ा ग्रैंड कॉर्ड रेलखंड के परिचालन के 120 वर्ष आगामी 6 दिसंबर को पूरे होने जा रहे हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को यादगार बनाने के लिए धनबाद रेल मंडल के अंतर्गत कोडरमा-गया रेलखंड पर स्थित गझंडी रेलवे स्टेशन को सजाया जा रहा है।

स्टेशन परिसर में रंगरोगन, आकर्षक विद्युत सज्जा, साफ-सफाई सहित अन्य तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए धनबाद रेल मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्रा ने गझंडी स्टेशन का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समारोह में पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर की महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग सहित कई वरिष्ठ रेल अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। 6 दिसंबर 1906 को तत्कालीन वायसराय लार्ड मिंटो ने गझंडी स्टेशन पर चांदी के विशेष पाने से रेल पटरी का आखिरी फिशप्लेट बोल्ट कसकर ग्रैंड कॉर्ड रेलखंड का विधिवत उद्घाटन किया था।

फिल्म 'गदर' में इस्तेमाल किया गया ऐतिहासिक वाष्प इंजन

इस ऐतिहासिक घटना की साक्षी स्टेशन परिसर में मौजूद शिलापट्ट है। रेलखंड के 100 वर्ष पूरे होने पर यहां 6 दिसंबर 2006 को शताब्दी समारोह आयोजित किया गया था। उस कार्यक्रम में पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक सहित धनबाद, समस्तीपुर, डीडीयू और दानापुर रेल मंडलों के डीआरएम शामिल हुए थे।

समारोह में फिल्म 'गदर' में इस्तेमाल किया गया ऐतिहासिक वाष्प इंजन भी गझंडी पहुंचा था, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। अब 120वीं वर्षगांठ के अवसर पर स्टेशन भवन, प्लेटफार्म और आसपास के ऐतिहासिक स्थलों की विशेष साफ-सफाई की जा रही है।

समारोह में वर्ष 1906 के ऐतिहासिक उद्घाटन के साथ गुरपा-गझंडी घाट सेक्शन की दुर्गम पहाड़ियों और सुरंगों के निर्माण की गौरवगाथा भी प्रदर्शित किए जाने की तैयारी है। पहाड़ी परिस्थितियों के बीच रेललाइन और सुरंगों का निर्माण उस दौर की बड़ी इंजीनियरिंग उपलब्धि माना जाता है। इस आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह है।

ट्रेनों की गति 160 किलोमीटर प्रति घंटे करने की तैयारी

लोगों को उम्मीद है कि समारोह में रेल सुविधाओं के विस्तार और नई रेल सेवाओं को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं हो सकती हैं। इनमें नई दिल्ली-हावड़ा रेलखंड पर ट्रेनों की गति 160 किलोमीटर प्रति घंटे तक बढ़ाने, कोडरमा-तिलैया-नवादा-राजगीर रेललाइन का परिचालन शुरू करने तथा हजारीबाग टाउन से नई ट्रेनें चलाने जैसी संभावनाएं शामिल हैं।

वर्तमान में कोडरमा जंक्शन से चार वंदे भारत एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस, दुरंतो एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनों का परिचालन हो रहा है। इसके अलावा कोडरमा-मधुपुर और कोडरमा-हजारीबाग टाउन-बड़काकाना रेलमार्ग से भी यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल रही है। कोडरमा-तिलैया-नवादा-राजगीर रेललाइन के मार्च 2027 तक चालू होने की संभावना है। इससे कोडरमा को एक और महत्वपूर्ण रेलमार्ग की सुविधा मिलेगी।

माल ढुलाई में भी महत्वपूर्ण भूमिका

धनबाद रेल मंडल में राजस्व अर्जित करने के मामले में कोडरमा स्टेशन को धनबाद के बाद दूसरे स्थान पर बताया जाता है। यात्री ट्रेनों के साथ मालगाड़ियों के परिचालन में भी यह रेलखंड महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

बानादह साइडिंग के माध्यम से बिजली संयंत्रों तक कोयले की आपूर्ति की जा रही है। वहीं, कोडरमा स्टेशन का नया भवन तैयार हो चुका है, जहां यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट और एस्केलेटर जैसी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

यह भी पढ़ें- रांची से दिल्ली का हवाई किराया 31 हजार, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने पीएम मोदी को लिखा पत्र हवाई किराए पर नियंत्रण की मांग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।