Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

ट्रक लूटकर भाग रहे दो अपराधियों को पुलिस ने दबोचा

खूंटी-तमाड़ सड़क पर सायको थाना क्षेत्र के आड़ा घाटी में ट्रक वालों से लूट-पाटकर भाग रहे दो अपराधियों को पुलिस ने धरदबोचा है।

By JagranEdited By: Updated: Thu, 27 Jan 2022 10:40 PM (IST)
Hero Image
ट्रक लूटकर भाग रहे दो अपराधियों को पुलिस ने दबोचा

जागरण संवाददाता, खूंटी : खूंटी-तमाड़ सड़क पर सायको थाना क्षेत्र के आड़ा घाटी में ट्रक वालों से लूट-पाटकर भाग रहे दो अपराधियों को पुलिस ने धरदबोचा है। पुलिस ने अपराधकर्मियों के पास से एक कट्टा, लूट के चौदह हजार छह सौ अस्सी रुपये, छह मोबाइल, एक स्कूटी और घटना में प्रयोग में लाए गए औजार बरामद किया है। गिरफ्तार अपराधियों में रांची के लालपुर थाना क्षेत्र के धोबी घाट, वर्दमान कंपाउंड के रहने वाले बिनोद उरांव और रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर के रहने वाले रामेश्वर उरांव शामिल हैं। इसकी जानकारी देते हुए जिला पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि सुबह सायको थाना की पुलिस को सूचना मिली कि आड़ा घाटी में दो व्यक्ति ट्रक वालों से लूटपाट कर तमाड़ तरफ भाग रहे हैं। इसकी जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया। इसके बाद सायको थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा ने अड़की थाना प्रभारी के साथ संयुक्त कार्रवाई शुरू की। संयुक्त छापामारी अभियान में खूंटी-तमाड़ रोड की ओर पीछा किया गया। इसी क्रम में अड़की थाना क्षेत्र के सिदरी मारंगपीड़ी मोड़ के पास दो लोगों को पकड़ा गया। पूछताछ में पकड़ गए बिनोद उरांव और रामेश्वर उरांव ने अपना दोष स्वीकार किया। दोनों की तलाशी लेने पर उनके पास से लूट का कुल चौदह हजार छह सौ अस्सी रुपये, छह मोबाइल और घटना में प्रयोग में लाया गया कट्टा, स्कूटी, चाकू, गड्ढा कोढ़ने वाला पंचु, धार किया हुआ छेनी, हथौड़ा, गुलेल, साइकिल चेन मुट लगा हुआ और टार्च बरामद किया गया। इस संबंध में सायको थाना में मामला दर्ज किया गया है। छापामारी दल में सायको थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा, अड़की थाना प्रभारी पंकज कुमार दास, सायको थाना के सअनि मेघ राउत और सायको व अड़की थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।