जामताड़ा में छोटी बहन को डूबता देख तालाब में कूद गया 8 साल का मासूम भाई, दोनों की मौत से गांव में पसरा मातम
जामताड़ा के आसनहरिया गांव में एक हृदयविदारक घटना में, खेलने निकले दो मासूम भाई-बहन (8 वर्षीय अबान शेख और 5 वर्षीय माहिरा खातून) तालाब में डूब गए।

मृतक अबान शेख और माहिरा खातून। (फाइल फोटो)
HighLights
जामताड़ा में दो मासूम भाई-बहन तालाब में डूबे।
खेलते समय लापता हुए, बाद में शव बरामद।
भाई ने बहन को बचाने की कोशिश में जान गंवाई।
जागरण संवाददाता, जामताड़ा। जामताड़ा थाना क्षेत्र के आसनहरिया गांव में शनिवार को हृदयविदारक घटना सामने आई। घर के पास खेलने निकले दो मासूम भाई-बहन अचानक लापता हो गए।
काफी खोजबीन के बाद दोनों का शव घर के समीप स्थित तालाब से बरामद किया गया। मृत बच्चों की पहचान अबान शेख (8) और उसकी छोटी बहन माहिरा खातून (5) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम करीब चार बजे दोनों बच्चे घर के पास आसनहरिया मोड़ की ओर खेलने निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई।
इसके बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में दोनों की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद बच्चों का कोई पता नहीं चला।
बहन को बचाने गया था भाई
इसी बीच घर के पास स्थित तालाब में बच्चों के होने की जानकारी मिली। बताया जाता है कि खेलते समय पहले छोटी बहन माहिरा तालाब में गिर गई। उसे डूबता देख बड़ा भाई अबान उसे बचाने के लिए तालाब में उतर गया।
हालांकि, तालाब का पानी गहरा होने के कारण वह भी डूब गया। देखते ही देखते दोनों बच्चे पानी में समा गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। दोनों मासूमों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है।