विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर और APK फाइल से खाली करते थे खाते, जामताड़ा में 10 साइबर अपराधी गिरफ्तार

Published: Wed, 25 Nov 2026 12:56 PM (IST)

जामताड़ा पुलिस ने दो अलग-अलग छापों में 10 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये अपराधी फर्जी कस्टमर केयर नंबर और APK फाइल के जरिए लोगों के बैंक खाते खाली करते थे।

जामताड़ा में 10 साइबर अपराधी गिरफ्तार (सौ. जागरण)

जामताड़ा में 10 साइबर अपराधी गिरफ्तार (सौ. जागरण)

HighLights

  1. जामताड़ा पुलिस ने 10 साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार।

  2. फर्जी कस्टमर केयर नंबर और APK फाइल से करते थे ठगी।

  3. 16 मोबाइल, 17 सिम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद।

जागरण संवाददाता, जामताड़ा। जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग दो मामलों में छापेमारी कर 10 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 16 मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया गया है। 

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित फर्जी मोबाइल नंबर के जरिए लोगों को फोन कर साइबर ठगी की घटना को अंजाम देते थे।

गांव में पानी टंकी के पीछे छापेमारी

पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस अवर निरीक्षक गुलशन कुमार सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों के सहयोग से नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरलीपहाड़ी गांव में पानी टंकी के पीछे छापामारी की। यहां से पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपितों में बंदरचुआं गांव निवासी साजिद अंसारी (23), समीर अंसारी (24), दिलबर अंसारी (21), कलीम अंसारी (42) और इमरान अंसारी (25) शामिल हैं।

कस्टमर केयर बनकर करते थे फ्रॉड

वहीं, दूसरे मामले में पुलिस ने मिहिजाम थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनमें लीलानगर कानगोई निवासी संजय मंडल, राजू मंडल और दुन्नू मंडल के अलावा शंकरपुर गांव निवासी धीरज कुमार साव तथा बीरसिंह गांव निवासी रविशन मुर्मू शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी गूगल पर विभिन्न ई-कॉमर्स कंपनियों, ई-पेमेंट कंपनियों और उपभोक्ता सामग्री कंपनियों के कस्टमर केयर नंबर के रूप में अपना फर्जी मोबाइल नंबर डालते थे। इसके बाद ग्राहक सहायता के लिए फोन करने वाले लोगों को कॉल कर उनकी समस्याओं के समाधान का झांसा देते थे। आरोपित मोबाइल पर एपीके फाइल भेजकर उसे डाउनलोड करवाते थे। इसके जरिए उनके बैंक खातों से संबंधित गोपनीय जानकारी प्राप्त कर साइबर ठगी करते थे।

इसके अलावा आरोपित अपने नाम से चार से पांच से अधिक सिम कार्ड प्राप्त कर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे।पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अब तक 170 साइबर अपराधी गिरफ्तार

पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2026 से 25 नवंबर 2026 तक जिले में साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 170 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 410 मोबाइल, 496 सिम कार्ड, 37 एटीएम कार्ड, सात पासबुक, चार लैपटॉप और 13 मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं। इसके अलावा 24 लाख 33 हजार 700 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।