विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जामताड़ा में गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर बस और ट्रक की सीधी टक्कर, 7 यात्री घायल; दो रेफर

Published: Tue, 24 Nov 2026 05:13 PM (IST)

जामताड़ा के गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर मोहनपुर के पास बस और ट्रक की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में सात यात्री घायल हो गए, जिनमें से दो गंभीर रूप से घायलों को धनबाद रेफर किया गया है।

गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर बस और ट्रक की सीधी टक्कर

गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर बस और ट्रक की सीधी टक्कर

HighLights

  1. गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर बस-ट्रक की जोरदार टक्कर हुई।

  2. हादसे में सात यात्री घायल, दो गंभीर धनबाद रेफर।

  3. तेज रफ्तार वाहनों के कारण बढ़ रही दुर्घटनाएं चिंताजनक।

संवाद सहयोगी, नारायणपुर (जामताड़ा)। गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार की दोपहर करीब एक बजे नारायणपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर के पास बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। 

हादसे में बस में सवार सात यात्री घायल हो गए। इनमें दो की स्थिति गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए बस से उतरकर इधर-उधर भागने लगे।

बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त 

जानकारी के अनुसार, जेएच 04 एन 4480 नंबर की चांदनी बस धनबाद से यात्रियों को लेकर दुमका की ओर जा रही थी। इसी दौरान जामताड़ा की तरफ से धनबाद जा रहे एमएच 46 डीजी 8283 नंबर के मालवाहक ट्रक से मोहनपुर के पास उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस में सवार सात यात्री घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), नारायणपुर पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल मुमताज अंसारी और दिवाकर भंडारी की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया।

घायलों में नारायणपुर थाना क्षेत्र के देवलबाड़ी निवासी विनोद दास, धनबाद के पोखरिया निवासी दिवाकर भंडारी, धनबाद निवासी अंकुश कुमार और उनकी तीन वर्षीय पुत्री अंशिका कुमारी, सोनरायठाढ़ी निवासी मुमताज अंसारी, दुमका निवासी मरियम मुर्मू तथा धनबाद निवासी अमित शर्मा शामिल हैं। दुर्घटना के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।

अस्पताल पहुंचे बीडीओ और सीओ, घायलों का जाना हाल

हादसे की जानकारी मिलने पर नारायणपुर बीडीओ कमलेश कुमार दास और सीओ देवराज गुप्ता सीएचसी पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने अस्पताल में घायलों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया और घायलों से मिलकर उनका हालचाल जाना। उन्होंने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित उपचार को लेकर जानकारी ली।

हाईवे पर तेज रफ्तार बन रही हादसों की वजह

गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार लोगों की सुरक्षा के लिए लगातार खतरा बनती जा रही है। इस मार्ग पर बस, ट्रक और छोटे वाहन अक्सर तेज गति से गुजरते हैं। इसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। 

स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहन चालकों की लापरवाही और तेज रफ्तार पर नियंत्रण जरूरी है। गौरतलब है कि पिछले शनिवार को भी लोहारंगी मोड़ के पास नूरी बस और एक कार के बीच टक्कर हुई थी। हालांकि उस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ रही है।

यह भी पढ़ें- चक्रवात 'अकवान' का असर: जामताड़ा में रिमझिम बारिश, किसानों के लिए खुशखबरी और टेंशन दोनों


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।