जामताड़ा के 20 परीक्षा केंद्रों में हुई JTET 2026 का एग्जाम, स्कैनिंग और फ्रिस्किंग के बाद मिला प्रवेश
जामताड़ा में रविवार को 20 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 आयोजित की गई। दोनों पालियों में कुल 8756 परीक्षार्थियों ने भाग लिया।
-1793503234827_m.webp)
परीक्षा केंद्रों के बाहर लगी कतार। फोटो जागरण
HighLights
कड़ी सुरक्षा में 20 केंद्रों पर जेटेट 2026 परीक्षा।
कुल 8756 परीक्षार्थियों ने दोनों पालियों में भाग लिया।
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूर्ण प्रतिबंध, गहन जांच के बाद प्रवेश।
जागरण संवाददाता, जामताड़ा। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 रविवार को जिले के कुल 20 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जा रही है।
परीक्षा में दोनों पालियों को मिलाकर कुल 8756 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को लेकर सुबह से ही केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भीड़ जुटने लगी थी।
निर्धारित रिपोर्टिंग समय सुबह 7:30 बजे से परीक्षार्थियों को कतारबद्ध कर जांच की प्रक्रिया शुरू की गई। स्कैनिंग एवं फ्रिस्किंग पूरी होने के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। परीक्षार्थियों की जांच के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
महिला परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस पदाधिकारियों एवं महिला कर्मियों की ओर से अलग व्यवस्था में फ्रिस्किंग की जा रही है।
जेबीसी और गर्ल्स स्कूल स्थित परीक्षा केंद्रों पर महिला परीक्षार्थियों की जांच के लिए अलग कमरे की व्यवस्था की गई है। जांच के दौरान बेल्ट, लॉकेट, घड़ी, मोबाइल, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या प्रतिबंधित सामग्री को परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। स्कार्फ, टोपी, बैग एवं पर्स पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
दो पालियों में हो रही परीक्षा
जिले में परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर दो बजे से शाम 4:30 बजे तक निर्धारित है। इसके सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां की गई हैं।
जिले के 20 परीक्षा केंद्र
जामताड़ा में सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, संत जोसेफ इंग्लिश स्कूल, एडवर्ड इंग्लिश स्कूल, डीएन हाई स्कूल, संत एंथोनी स्कूल, इंटर महिला कॉलेज, ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल, सेंट मैरी स्कूल मिहिजाम, जेबीसी डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, सीएम एक्सीलेंस गर्ल्स हाई स्कूल, गवर्नमेंट सेकेंडरी आदर्श स्कूल, गवर्नमेंट प्लस टू स्कूल मिहिजाम, प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल मिहिजाम, बेसिक स्कूल मिहिजाम, गवर्नमेंट प्लस टू स्कूल नारायणपुर, अपग्रेडेड हाई स्कूल पबिया, आरजीआरजी प्लस टू स्कूल करमाटांड़, अपग्रेडेड मिडिल स्कूल पिंडारी, मिडिल स्कूल झुमका देवी तथा सरस्वती विद्या मंदिर विद्यासागर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।