जामताड़ा में मतदाता सूची पुनरीक्षण: 1.09 लाख नोटिस जारी, अंतिम सूची 19 अक्टूबर को
SIR In Jamtara: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर डीसी आलोक कुमार ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक की।

SIR को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते जामताड़ा डीसी आलोक कुमार। (फोटो जागरण)
जागरण संवाददाता, जामताड़ा। Jamtara SIR: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर डीसी आलोक कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को कार्यालय प्रकोष्ठ में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।
बैठक में एसआईआर की सुनवाई प्रक्रिया, दावा-आपत्ति व आयोग की ओर से संशोधित कार्यक्रम की जानकारी दी गई। डीसी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से एसआईआर प्रक्रिया में सहयोग करने और पात्र मतदाताओं को जागरूक करने की अपील की।
डीसी ने बताया कि दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित है। नोटिस चरण एवं दावा-आपत्ति के निपटारे की प्रक्रिया पांच अगस्त से 14 अक्टूबर तक चलेगी। वहीं अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम जुड़ने से वंचित नहीं रहे, इसके लिए राजनीतिक दल अपने स्तर से लोगों को जागरूक करें। नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र छह, एनआरआइ मतदाताओं के लिए छह-ए, नाम हटाने के लिए सात व संशोधन के लिए प्रपत्र आठ का उपयोग किया जा सकता है।
मतदाता ईसीआईनेट एप या वोटर्स डाट ईसीआई डाट जीओवी डाट इन के माध्यम से आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सहायता के लिए 1950 व सीईओ कार्यालय के टोल फ्री नंबर 18003311950 पर संपर्क किया जा सकता है।
दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 1,09,765 नोटिस जारी
जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों में अब तक कुल 1,09,765 नोटिस जारी कर संबंधित मतदाताओं को उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इनमें नाला विधानसभा क्षेत्र के 43,122 तथा जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के 66,643 नोटिस शामिल हैं।
इनमें से नाला विधानसभा क्षेत्र में 5,399 और जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में 10,906 नोटिसों पर सुनवाई पूरी हो चुकी है। इस प्रकार दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 16,305 नोटिसों पर सुनवाई हो चुकी है।
सुनवाई के लिए अधिसूचित पदाधिकारी
नाला विधानसभा क्षेत्र में एक ईआरओ, दो एईआरओ और तीन अतिरिक्त एईआरओ समेत कुल छह पदाधिकारी तथा जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में एक ईआरओ, तीन एईआरओ और सात अतिरिक्त एईआरओ समेत कुल 11 पदाधिकारी सुनवाई के लिए अधिसूचित किए गए हैं।
अब तक इतने प्रपत्र हुए प्राप्त
पांच अगस्त से 25 सितंबर तक नाला विधानसभा क्षेत्र में प्रपत्र छह के 4,504, प्रपत्र सात के 22 और प्रपत्र आठ के 2,004 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
वहीं जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में प्रपत्र छह के 5,853, प्रपत्र सात के 48 और प्रपत्र आठ के 4,958 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन आवेदनों के निष्पादन की कार्रवाई आयोग के निर्देश के अनुसार की जा रही है।
डीसी ने कहा कि एसआईआर के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम नहीं हटाए जा रहे हैं और सभी को सुनवाई का अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने मतदाताओं से निर्धारित समय के भीतर सुनवाई में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि छोटी-मोटी तार्किक त्रुटियों के सुधार के लिए संबंधित दस्तावेज लेकर सुनवाई में शामिल हों। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से यह भी अपील की कि उनके नामित बीएलए-1 एक दिन में अधिकतम 10 प्रपत्र छह, सात और आठ घोषणा पत्र के साथ बीएलओ को जमा करा सकते हैं।
फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सुनवाई में शामिल नहीं होने देने तथा स्वच्छ, विश्वसनीय और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
