विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोशल मीडिया पोस्ट से जामताड़ा में बवाल, युवक के घर और पुलिस वाहनों में तोड़फोड़; 3 जिलों की फोर्स तैनात

Published: Sun, 23 Aug 2026 08:30 AM (IST)

जामताड़ा के थानारडीह गांव में आपत्तिजनक सोशल मीडिया टिप्पणी के बाद हिंसा भड़क उठी, जिसमें एक घर में तोड़फोड़ की ...और पढ़ें

घटना के बाद समझाइस देता प्रशासन। फोटो जागरण

घटना के बाद समझाइस देता प्रशासन। फोटो जागरण

HighLights

  1. आपत्तिजनक सोशल मीडिया टिप्पणी से जामताड़ा में हिंसा भड़की।

  2. भीड़ ने घर में तोड़फोड़ की, पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त।

  3. स्थिति नियंत्रित करने दुमका, चितरा से अतिरिक्त बल बुलाया।

जागरण संवाददाता, जामताड़ा। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कुरुवा हटिया में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद शनिवार शाम सोशल मीडिया पर एक टिप्पणी के बाद नावाडीह पंचायत के थानारडीह गांव तक पहुंच गया। बड़ी संख्या में युवक कथित टिप्पणी करने वाले भूदेव मंडल के घर पहुंच गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, भीड़ ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की और सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर करमाटांड़ थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे, सी विकास तिवारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त किए जाने की बात सामने आई है।

भगवान के खिलाफ टिप्पणी

बताया जाता है कि कुरुवा हटिया में भगवान के विरुद्ध कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में अफरोज आलम की गिरफ्तारी से संबंधित सूचना सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई थी। इसी पोस्ट पर भूदेव मंडल की ओर से की गई कथित टिप्पणी को लेकर दूसरे पक्ष में नाराजगी फैल गई।

इसके बाद बड़ी संख्या में लोग थानारडीह पहुंच गए और उनके घर के पास जमा हो गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भीड़ ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की तथा सामान को नुकसान पहुंचाया।

कुछ लोगों ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस पहुंची तो भीड़ हुई उग्र, वाहन भी क्षतिग्रस्त

घटना की सूचना मिलने पर करमाटांड़ थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उस समय बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद थे। पुलिस बल की संख्या कम होने के कारण कुछ समय तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

इसी दौरान पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त किए जाने की बात सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम रजा भी मौके पर पहुंचे।

वीडियो बनाने को लेकर भी जताई गई आपत्ति

स्थानीय लोगों के अनुसार घटनास्थल पर मौजूद लोगों को मोबाइल से वीडियो बनाने से भी रोका गया। जिला परिषद उपाध्यक्ष के प्रतिनिधि महेंद्र मंडल और जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र मंडल द्वारा घटनाक्रम की तस्वीर या वीडियो बनाए जाने पर भी आपत्ति जताए जाने की बात सामने आई है।

स्थानीय मुखिया गुल मोहम्मद भी मौके पर पहुंचे। हालांकि, तनावपूर्ण माहौल के कारण स्थिति को तत्काल सामान्य करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

नशे में होने का भी आरोप, पुलिस जांच में स्पष्ट होगी स्थिति

घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने भीड़ में शामिल युवकों पर नशे की हालत में होने का आरोप लगाया है। हालांकि, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

दुमका और चतरा से बुलाया गया अतिरिक्त बल

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार और करमाटांड़ अंचल अधिकारी चोनाराम हेंब्रम भी मौके पर पहुंचे। एसडीपीओ वसीम रजा ने बताया कि श्रावणी मेला के कारण बड़ी संख्या में पुलिस बल देवघर में तैनात है।

अतिरिक्त बल के लिए दुमका और चितरा से पुलिस जवानों को बुलाया गया है। अतिरिक्त बल पहुंचने के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम करने का प्रयास किया जा रहा है।

मंदिर से जुड़े आरोपों की भी जांच

घटना के दौरान धार्मिक स्थल से संबंधित कुछ आरोप भी सामने आए हैं। स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर में आपत्तिजनक गतिविधि किए जाने तथा मंदिर की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की भी पुलिस स्तर से अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

घटना के बाद नावाडीह और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की आपत्तिजनक या भड़काऊ टिप्पणी से बचने की अपील की है।

पुलिस का कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के सामने फिलहाल क्षेत्र में शांति बनाए रखना और सोशल मीडिया के माध्यम से विवाद को और बढ़ने से रोकना प्रमुख चुनौती है।

यह भी पढ़ें- जामताड़ा के थंडारडीह गांव में धार्मिक टिप्पणी के बाद भारी बवाल, एसडीपीओ की गाड़ी में तोड़फोड़, गांव में पुलिस छावनी