विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जामताड़ा के थंडारडीह गांव में धार्मिक टिप्पणी के बाद भारी बवाल, एसडीपीओ की गाड़ी में तोड़फोड़, गांव में पुलिस छावनी

Published: Sun, 23 Aug 2026 12:01 AM (GMT+05:30)

जामताड़ा के थंडारडीह गांव में धार्मिक टिप्पणी के बाद भारी बवाल हुआ, जिसमें एसडीपीओ की गाड़ी में तोड़फोड़ की गई और गांव को पुलिस छावनी में बदल दिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने दलबल के साथ पहुंचकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने दलबल के साथ पहुंचकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। 

HighLights

  1. धार्मिक टिप्पणी पर जामताड़ा के थंडारडीह गांव में भारी बवाल।

  2. एसडीपीओ की गाड़ी तोड़ी, पुलिस इंस्पेक्टर का मोबाइल छीना।

  3. पूरे गांव को पुलिस छावनी में बदला, जांच जारी।

जागरण संवाददाता, जामताड़ा। करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत थंडारडीह गांव में शनिवार को मुस्लिम धर्म पर कथित टिप्पणी के बाद स्थिति बेकाबू हो गई और जमकर बवाल हुआ। 
 
टिप्पणी से आक्रोशित मुस्लिम समुदाय के करीब दो हजार लोगों द्वारा पूरे गांव का घेराव किए जाने से क्षेत्र में भारी तनाव व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने दलबल के साथ पहुंचकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। 
 
एहतियात के तौर पर पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। घटना की शुरुआत मौलाना अफरोज द्वारा हिंदू देवी-देवताओं पर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी किए जाने के मामले से जुड़ी बताई जा रही है। 
 
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में पहले से ही गहरा आक्रोश था। इसी बीच, थंडारडीह निवासी भूदेव मंडल पर मुस्लिम धर्म के खिलाफ टिप्पणी करने का आरोप लगा। इसके विरोध में बड़ी संख्या में लोग एकजुट होकर थंडारडीह पहुंच गए और पूरे गांव को घेर लिया।
 
स्थिति बिगड़ने की सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), डीएसपी और तीन थानों की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इस दौरान उग्र भीड़ और पुलिस के बीच तीखी झड़प और तनाव की स्थिति बन गई। 
 
उपद्रवियों ने प्रशासनिक वाहन को निशाना बनाते हुए एसडीपीओ की गाड़ी में तोड़फोड़ की। इसके अलावा, ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस इंस्पेक्टर का मोबाइल फोन भी भीड़ में शामिल असामाजिक तत्वों द्वारा छीन लिए जाने की खबर है।
 
घटना के दौरान स्थानीय मंदिर में भी तोड़फोड़ किए जाने की चर्चा है, हालांकि पुलिस प्रशासन ने फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
 
फिलहाल थंडारडीह गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारी मामले की जांच में जुट गए हैं और घटना के वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों को चिह्नित कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। 
 
अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।