विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जामताड़ा को मिलेगी नई पहचान, 420 बेड का मेडिकल कॉलेज बदल सकता है तस्वीर

Published: Fri, 16 Oct 2026 05:40 PM (IST)

Jamtara में 100 एमबीबीएस सीटों और 420 बेड वाला एक नया मेडिकल कॉलेज पीपीपी मॉडल पर बनेगा, जिसका शिलान्यास जल्द ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे।

जामताड़ा में मेडिकल कालेज खोलने के लिए एमओयू के मौके पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और राज्य के स्वास्थ्य सचिव अजय कुमार व अन्य। (फोटो सौजन्य)

जामताड़ा में मेडिकल कालेज खोलने के लिए एमओयू के मौके पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और राज्य के स्वास्थ्य सचिव अजय कुमार व अन्य। (फोटो सौजन्य)

जागरण संवाददाता, जामताड़ा। देशभर में साइबर ठगी के लिए मशहूर जामताड़ा की पहचान बदलने वाली है। आने वाले दिनों में यहां 100 एमबीबीएस सीटों के साथ 420 बेड वाला मेडिकल कालेज बनेगा।

स्वास्थ्य मंत्री डा. इरफान अंसारी के प्रयासों से जिले में मेडिकल कालेज की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार को इस परियोजना को लेकर एमओयू किया गया। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जल्द ही मेडिकल कालेज का शिलान्यास करेंगे।

मेडिकल कालेज की स्थापना से जामताड़ा में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होने की उम्मीद है। इससे जिले को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

पीपीपी माडल पर बनेगा मेडिकल कालेज

मंत्री डा इरफान अंसारी ने बताया कि राज्य सरकार की योजना के तहत रांची, खूंटी, जामताड़ा, गिरिडीह और धनबाद में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) माडल पर मेडिकल कालेज स्थापित किए जाने हैं।

जामताड़ा परियोजना के लिए मैसर्स मणिमहेश हास्पिटल प्राइवेट लिमिटेड, आई केयर इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च तथा डा. विधान चंद्र राय हास्पिटल को लेटर आफ इंटेंट जारी किया गया है।

योजना के अनुसार, जामताड़ा सदर अस्पताल को शामिल करते हुए 100 एमबीबीएस सीटों वाला मेडिकल कालेज स्थापित किया जाएगा। वहीं, वर्तमान 100 बेड के अस्पताल की क्षमता बढ़ाकर 420 बेड करने का प्रस्ताव है।

साइबर के बजाय मेडिकल कालेज से बनेगी पहचान

स्वास्थ्य मंत्री डा. इरफान अंसारी ने कहा कि जामताड़ा की जनता ने उन पर भरोसा जताया है। उनका सपना जिले को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि पहले जामताड़ा की पहचान साइबर अपराध के कारण होती थी, लेकिन आने वाले समय में जिला मेडिकल कालेज और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कालेज से स्थानीय लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी।

साथ ही चिकित्सा शिक्षा, रोजगार और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित शिलान्यास के बाद इस परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता प्रशस्त होगा।

यह भी पढ़ें- 105 दिन से वेतन बकाया, जामताड़ा में सफाईकर्मियों का फूटा गुस्सा; सड़कों पर फेंका कचरा

यह भी पढ़ें- जामताड़ा के चरखापहाड़ी दुर्गापूजा पंडाल में आग: हादसा या साजिश? निष्पक्ष जांच की मांग