विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

105 दिन से वेतन बकाया, जामताड़ा में सफाईकर्मियों का फूटा गुस्सा; सड़कों पर फेंका कचरा

Published: Thu, 15 Oct 2026 03:59 PM (IST)

Jamtara Waste Protest: जामताड़ा में सफाई कर्मचारियों ने साढ़े तीन महीने से वेतन न मिलने के कारण विरोध प्रदर्शन किया। ...और पढ़ें

HighLights

  1. सफाई कर्मचारियों को साढ़े तीन महीने से वेतन का भुगतान नहीं हुआ।

  2. दुर्गा पूजा जैसे त्योहार पर भी वेतन न मिलने से आक्रोश।

  3. नाराज कर्मचारियों ने शहर की सड़कों पर कचरा फेंककर विरोध किया।

जागरण संवाददाता, जामताड़ा। Jamtara Garbage Protest: दुर्गा पूजा से पहले 105 दिनों से वेतन का भुगतान नहीं होने से नाराज जामताड़ा नगर पंचायत के सफाईकर्मियों ने गुरुवार को शहर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित सफाईकर्मियों ने नगर पंचायत कार्यालय से लेकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और बाजार की सड़कों पर कचरा फेंककर अपना विरोध जताया।

इसके कारण पूरे शहर में जगह-जगह गंदगी फैल गई। त्योहार से पहले शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को दर्जनों सफाईकर्मी बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर नगर पंचायत कार्यालय (Jamtara Nagar Panchayat) पहुंचे थे। यहां उन्हें कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने पर कर्मचारियों का गुस्सा बढ़ गया। इसके बाद सभी सफाईकर्मी एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।

प्रदर्शन के दौरान सफाईकर्मियों ने नगर पंचायत के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द से जल्द बकाया वेतन का भुगतान करने की मांग उठाई।

आक्रोशित सफाईकर्मी सुभाष चौक से टावर चौक, मुख्य बाजार, मां चंचला चौक होते हुए स्टेशन चौक तक पहुंचे। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह कचरा फेंकते हुए अपना विरोध जताया।

सफाईकर्मियों के इस प्रदर्शन से शहर के प्रमुख मार्गों पर गंदगी फैल गई। दुर्गा पूजा जैसे महत्वपूर्ण त्योहार से पहले शहर की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

ट्रेजरी की तकनीकी समस्या से भुगतान में देरी

इस संबंध में नगर पंचायत जामताड़ा के कार्यपालक अभियंता सोमा खंडेत ने बताया कि ट्रेजरी में आ रही तकनीकी समस्याओं के कारण सफाईकर्मियों के वेतन भुगतान में परेशानी हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही बकाया वेतन मद की राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।

वहीं, 105 दिनों से वेतन नहीं मिलने के कारण सफाईकर्मियों के सामने आर्थिक परेशानी उत्पन्न हो गई है। अब कर्मचारियों को बकाया भुगतान का इंतजार है।

यह भी पढ़ें- जामताड़ा के चरखापहाड़ी दुर्गापूजा पंडाल में आग: हादसा या साजिश? निष्पक्ष जांच की मांग

यह भी पढ़ें- आगरा कैंट-कोलकाता स्पेशल ट्रेन में दो अतिरिक्त कोच, वेटिंग टिकट कंफर्म होने की बढ़ी उम्मीद