विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

5 सेकंड के वायरल वीडियो से खुली वारदात की परतें, जामताड़ा में मोमोवाला मर्डर केस में चौथा आरोपी गिरफ्तार

Published: Sat, 21 Nov 2026 06:16 PM (IST)

मिहिजाम के हिंदुस्तान केबल्स इलाके में अशोक कुमार सिंह की पीट-पीटकर हत्या मामले में 23 दिन बाद चौथे आरोपी सूरज प्रसाद को गिरफ्तार किया गया है।  

मृतक विकी मोमोवाला और आरोपित सूरज प्रसाद। फाइल फोटो

मृतक विकी मोमोवाला और आरोपित सूरज प्रसाद। फाइल फोटो

HighLights

  1. मिहिजाम हत्या मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार।

  2. वायरल वीडियो ने पुलिस जांच को नई दिशा दी।

  3. विवाहेतर संबंध के शक में हुई थी हत्या।

संवाद सहयोगी, मिहिजाम (जामताड़ा)। हिंदुस्तान केबल्स के ओल्ड कॉलोनी इलाके में युवक की पीटकर हत्या मामले में रूपनारायणपुर थाना की पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है।

घटना के करीब 23 दिन बाद पुलिस ने चौथे आरोपित 22 वर्षीय सूरज प्रसाद को गिरफ्तार किया है। पांच सेकंड के एक वायरल वीडियो में कैद बेरहमी से पिटाई के दृश्य ने पुलिस जांच को नई दिशा दी।

गिरफ्तार युवक की पहचान जोरबाड़ी निवासी सूरज प्रसाद के रूप में हुई है। उसे शुक्रवार 21 नवंबर को देशबंधु पार्क के समीप से दबोचा गया। बाद में आसनसोल न्यायालय में पेश किया गया।

एक्स्ट्रा मेरिटल अफेयर के शक में हत्या 

मामला 29 अक्टूबर का है। हिंदुस्तान केबल्स के देशबंधु पार्क के निकट ओल्ड कॉलोनी इलाके में 28 वर्षीय अशोक कुमार सिंह उर्फ विक्की मोमोवाला की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई थी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कथित विवाहेतर संबंध के संदेह को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया और एक युवक की जान चली गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

हत्याकांड की भयावता उस समय और उजागर हुई, जब मारपीट का करीब पांच सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने लगा। वीडियो में जमीन पर पड़े एक युवक पर दूसरा युवक बस के डंडे से लगातार प्रहार करता दिखाई दे रहा है।

कुछ ही सेकंड के इस दृश्य ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने उसमें दिख रहे युवक की पहचान करने और घटना में उसकी भूमिका की जांच तेज कर दी।

पुलिस ने पहले ही इस मामले में सुरेंद्र यादव और दीपक यादव समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था। अब सूरज प्रसाद की गिरफ्तारी के साथ गिरफ्तार आरोपितों की संख्या चार हो गई है।

जांच में जुटी पुलिस 

पुलिस के अनुसार सूरज घटना के बाद से फरार था। गुप्त सूचना के आधार पर उसे देशबंधु पार्क के पास से गिरफ्तार किया गया।

अब पुलिस वायरल वीडियो और हत्या की वारदात के बीच संबंधों की पड़ताल कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना में सूरज की वास्तविक भूमिका क्या थी और वारदात में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।

मामले में पांचवें नामजद आरोपी की गिरफ्तारी अब भी बाकी है। एक कथित संबंध को लेकर शुरू हुआ विवाद जिस तरह खूनी वारदात में बदल गया, उसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया था।

वहीं, कुछ सेकंड के वायरल वीडियो ने हत्याकांड की बर्बरता को सार्वजनिक कर दिया और पुलिस जांच में अहम कड़ी साबित हुआ। अब शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्या के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा होने की प्रतीक्षा है।

यह भी पढ़ें- दुमका में खेत से घर लौट रही युवती को घेरकर पीटा, कपड़े उतरवाकर बनाया वीडियो; 6 आरोपी गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।