विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुमका में खेत से घर लौट रही युवती को घेरकर पीटा, कपड़े उतरवाकर बनाया वीडियो; 6 आरोपी गिरफ्तार

Published: Sat, 21 Nov 2026 05:35 PM (IST)

दुमका में एक युवती को निर्वस्त्र कर अश्लील वीडियो बनाने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

शनिवार को आरोपितों को जेल लेकर जाती जरमुंडी थाना की पुलिस। (जागरण)

शनिवार को आरोपितों को जेल लेकर जाती जरमुंडी थाना की पुलिस। (जागरण)

HighLights

  1. दुमका में युवती को निर्वस्त्र कर वीडियो बनाया गया।

  2. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर छह आरोपियों को पकड़ा।

  3. घटना 18 नवंबर की, मोबाइल भी जब्त किया गया।

संवाद सहयोगी, बासुकीनाथ (दुमका)। जरमुंडी थाना क्षेत्र की 20 वर्षीय युवती को जबरन पकड़कर उसके साथ मारपीट करने और कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो बनाने के आरोप में पुलिस ने शनिवार को छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस ने वह मोबाइल भी जब्त कर लिया है, जिससे वीडियो और तस्वीर खींची गई थी। घटना 18 नवंबर की दोपहर की है। पीड़िता ने शुक्रवार को थाना में मामला दर्ज कराया है।

सभी आरोपित पीड़िता के गांव और आसपास के रहने वाले हैं। पीड़िता ने थाना में आवेदन में बताया कि 18 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे वह खेत से धान काट कर घर लौट रही थी। तिलबरिया मोड़ के पास वह होने वाले पति से बात कर रही थी।

मंगेतर ने कपड़ा खरीदने के लिए कुछ रुपया भी दिया। इसके बाद अकेले अपने घर की ओर जा रही थी, तभी रास्ते में झाड़ी के पास घात लगाए शंकर मांझी और रविंद्र मांझी ने पांच साथियों के साथ मिलकर घेर लिया।

मोबाइल भी छीन लिया

गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। मंगेतर द्वारा दिया गया पैसा और मोबाइल भी छीन लिया। सभी ने पकड़कर सारे कपड़े उतार दिए और वीडियो बनाया। कुछ ने फोटो भी खींची। काफी देर तक इसी अवस्था में जलील किया।

इसके बाद धमकी दी कि अगर पुलिस या फिर किसी को इसके बारे में बताया तो जान से मार दिया जाएगा। किसी तरह से थाने जाकर वरीय पदाधिकारी को आपबीती बताई।

मामला दर्ज कर जरमुंडी थाना प्रभारी दयानंद साह के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने पहले शंकर और रविंद्र को हिरासत में लिया। उनकी निशानदेही पर सूरज माल, विकास मांझी, मनोज मांझी व बजरंग पुजहर को धर दबोचा। हालांकि एक युवक अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

छापेमारी दल में थाना प्रभारी दयानंद साह के अलावा पुअनि सुखराम उरांव और अनुसंधानकर्ता सअनि निर्मल कुमार सिंह शामिल थे।

यह भी पढ़ें- शराब के लिए पैसे नहीं देने पर बेटे ने मां को कुदाल से मार डाला, बहन लहूलुहान; दुमका पुलिस ने किया गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।