जामताड़ा में स्कूल में प्रधानाध्यापक को बंधक बनाकर 5 लाख की रंगदारी मांगी,YouTubers पर गंभीर आरोप
Jamtara News: उत्क्रमित मध्य विद्यालय कठबरारी के प्रभारी प्रधानाध्यापक धर्मेंद्र कुमार ने दो लोगों पर बंधक बनाकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है।

झारखंड का बहुचर्चित जिला जामताड़ा। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, जामताड़ा। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कठबरारी के प्रभारी प्रधानाध्यापक धर्मेंद्र कुमार ने दो लोगों पर कार्यालय में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट, गला दबाने, मोबाइल छीनने, कमरे में बंद कर ताला लगाने व पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में बताया है कि यह घटना 21 सितंबर को करीब 11:30 बजे की है। प्रधानाध्यापक का आरोप है कि वह विद्यालय कार्यालय में काम कर रहे थे, तभी कठबरारी निवासी मनीर अंसारी और रियल मोशन न्यूज के यूट्यूब इन्फ्युएंसर सिराज अंसारी कार्यालय में घुस आए।
दोनों ने रसोइया की नियुक्ति को लेकर उनसे सवाल-जवाब करते हुए गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। प्रधानाध्यापक ने बताया कि रसोइया की नियुक्ति उन्होंने नहीं की है, बल्कि सक्षम पदाधिकारी के अनुमोदन के आधार पर हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि इसके बाद दोनों ने उनका गला दबाया और मोबाइल छीन लिया। फिर उन्हें कार्यालय के अंदर बंद कर बाहर से ताला लगा दिया। प्रधानाध्यापक के अनुसार आरोपितों ने धमकी देते हुए कहा कि विद्यालय में काम करना है तो पांच लाख रुपये रंगदारी देनी होगी, अन्यथा जान से हाथ धोना पड़ेगा।
धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि वह वर्ष 2019 से इस विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व से भी उन्हें विभिन्न तरीकों से प्रताड़ित किया जाता रहा है और जान से मारने की धमकी दी जाती रही है।
यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर: कुंभ-उपासना एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का बदला रूट, हटिया-पटना 25 को रहेगी रद
आवेदन में उन्होंने अपनी सुरक्षा के साथ-साथ आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- जामताड़ा के स्कूल में दूषित पानी से MDM बनाने का आरोप, भड़के ग्रामीणों ने सचिव को बनाया बंधक
