विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जामताड़ा के स्कूल में दूषित पानी से MDM बनाने का आरोप, भड़के ग्रामीणों ने सचिव को बनाया बंधक

Published: Mon, 21 Sep 2026 05:12 PM (IST)

Jamtara School Irregularities: करमाटांड़ के कठबरारी मध्य विद्यालय में ग्रामीणों ने दूषित पानी और अन्य अनियमितताओं को लेकर जमकर हंगामा किया, और सचिव को बंधक बना लिया।

HighLights

  1. ग्रामीणों ने कठबरारी मध्य विद्यालय में अनियमितताओं पर विरोध प्रदर्शन किया।

  2. दूषित पानी से मध्याह्न भोजन बनाने और अवैध निकासी का आरोप लगाया।

  3. पुलिस ने पहुंचकर विद्यालय सचिव को ग्रामीणों के बंधक से मुक्त कराया।

संवाद सहयोगी, करमाटांड़ (जामताड़ा)। करमाटांड़ प्रखंड के कठबरारी मध्य विद्यालय में सोमवार की दोपहर में विद्यालय में कथित अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने विद्यालय के सचिव धर्मेंद्र कुमार को कार्यालय में ताला जड़कर बंधक बना लिया।

Water Tank

करीब आधे घंटे बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। एएसआइ उमेश मेहरा के नेतृत्व में पुलिस बल विद्यालय पहुंचा और सचिव को बंधक से मुक्त कराया। इस दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय में बच्चों को दूषित पानी पिलाने और उसी पानी से मध्याह्न भोजन तैयार कराने का आरोप लगाया।

ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय की पानी की टंकी में मिट्टी मिला पानी है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। रसोइया ने भी पूछताछ में बताया कि उन्हें इसी पानी से खाना बनाने के लिए दिया जाता है।

पौधारोपण की राशि निकासी पर भी सवाल

इसके अलावा ग्रामीणों ने पिछले दो-तीन माह में पौधारोपण के नाम पर 10 हजार रुपये की निकासी करने, लेकिन विद्यालय में पौधारोपण नहीं होने का आरोप लगाया है। विद्यालय में शौचालय की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बच्चों के तालाब और खेत की ओर जाने की बात भी कही गई।

ग्रामीणों ने विद्यालय के क्षतिग्रस्त फर्श पर बने गड्ढों से बच्चों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि इन समस्याओं को लेकर सचिव से बातचीत करने पर उन्होंने अभद्र व्यवहार किया और जानकारी देने से इन्कार कर दिया।

यह भी पढ़ें- APK फाइल भेजकर बैंक-गैस उपभोक्ताओं को ठगते थे जामताड़ा के साइबर अपराधी, चार गिरफ्तार

ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। विद्यालय के सचिव धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि विद्यालय में राशि उपलब्ध नहीं है। पौधारोपण के नाम पर पैसा निकासी की बात पर वह कुछ भी बोलने से मना कर गए। पत्रकारों को अनुमति लेकर विद्यालय आना है।

यह भी पढ़ें- झारखंड में SIR के बीच राशन कार्ड में जाति अपडेट पर लगी रोक, सप्लाई विभाग ने जारी किया निर्देश




मैं विद्यालय प्रबंधन समिति का सदस्य हूं। पौधारोपण के नाम पर कथित राशि निकासी की जानकारी नहीं दी गई। पूछताछ करने पर सचिव नाराज हो गए।

-

मनीर अंसारी, ग्रामीण

बच्चों को मटेमला पानी पीने को दिया जा रहा है। शिकायत के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं किया जा रहा है। इसका कारण पूछा तो सचिव भड़क गए।

-

सिराजुद्दीन अंसारी, ग्रामीण

विद्यालय में शौचालय की व्यवस्था नहीं होने से बच्चों को परेशानी होती है। विभाग को इस मामले में कड़ा रुख अपनाना चाहिए।

-

जितेंद्र मंडल ग्रामीण