विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जामताड़ा में भाजपा का झारखंड सरकार पर हमला, पीएन बोले- ‘इरफान अंसारी दूसरे औरंगजेब’, पिता को घर में किया कैद

Published: Wed, 07 Oct 2026 03:02 PM (IST)

Jamtara BJP सेवा ज्योति यात्रा के दौरान जामताड़ा में नेताओं ने झारखंड सरकार और मंत्री इरफान अंसारी पर गंभीर आरोप ...और पढ़ें

HighLights

  1. पीएन सिंह ने इरफान अंसारी को 'दूसरा औरंगजेब' कहा।

  2. मंत्री इरफान पर पिता को घर में कैद करने का आरोप।

  3. सीता सोरेन ने फर्जी मतदान और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।

जागरण संवाददाता, जामताड़ा। भाजपा की ओर से सात अक्टूबर को जामताड़ा में आयोजित सेवा ज्योति यात्रा के दौरान पार्टी नेताओं ने झारखंड सरकार और मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर तीखे आरोप लगाए। धनबाद के पूर्व सांसद और भाजपा नेता पशुपति नाथ सिंह ने आरोप लगाया कि इरफान अंसारी ने अपने पिता और उनके मित्र फुरकान अंसारी को घर में कैद कर रखा है।

उन्होंने मंत्री को ‘दूसरा औरंगजेब’ बताते हुए कहा कि वह अपने ही पिता के राजनीतिक हत्यारे हैं। पूर्व सांसद सीता सोरेन ने भी जामताड़ा विधानसभा चुनाव में फर्जी मतदान और राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।

गांधी मैदान से शुरू हुई दीप ज्योति यात्रा मां चंचला चौक तक पहुंची। इसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता पीएन सिंह, पूर्व सांसद सीता सोरेन सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

यात्रा के दौरान पशुपति नाथ सिंह ने आरोप लगाया कि झारखंड में जब किसी अल्पसंख्यक के खिलाफ कार्रवाई होती है, तो इरफान अंसारी वहां पहुंचकर हंगामा करते हैं।

उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में 2जी सहित कई घोटाले हुए। उनके अनुसार, कांग्रेस ने अंग्रेजों से भी अधिक देश को लूटने का काम किया। उन्होंने कहा कि देश की जनता मजबूत होगी, तभी देश मजबूत होगा।

सीता सोरेन ने फर्जी मतदान का लगाया आरोप

पूर्व सांसद सीता सोरेन ने आरोप लगाया कि जामताड़ा विधानसभा चुनाव के दौरान उनके खिलाफ मधुपुर से लोगों को बुलाकर फर्जी मतदान कराया गया। उन्होंने कहा कि जहां विपक्ष चुनाव नहीं जीत पा रहा है, वहां अब वोट चोरी के आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया और पूर्व के चुनाव भवनों को लेकर भी सवाल उठाए।

सीता सोरेन ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अबुआ राज के नाम पर लूट मची हुई है। उन्होंने नौकरी बेचने तक के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में बदलाव तय है।

इससे पूर्व धनबाद के पूर्व सांसद ने कहा कि वह अपने स्वास्थ्य की चिंता नहीं करते, जामताड़ा में भाजपा का स्वास्थ्य देखने आए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी का संदेश पहुंचाने की अपील की।

भाजपा नेताओं ने कहा कि दीप ज्योति यात्रा के माध्यम से कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के साथ जनता तक पार्टी का संदेश पहुंचाया जाएगा।

यह भी पढ़ें- सांसद ढुलू महतो के भाई विधायक शत्रुघ्न महतो की शर्ट में लगी आग, बाल-बाल बचे; भाजपाइयों ने ली राहत की सांस

यह भी पढ़ें- बंगाल के जवाब में मैथन सीमा पर झारखंड पुलिस का चेकपोस्ट, कोयला-लोहा की जांच शुरू