संवाद सूत्र, आदित्यपुर। आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित विद्युत नगर में अज्ञात अपराधियों ने मंगलवार की शाम लगभग साढ़े छह बजे हत्यारोपित भगवान सवैयां उर्फ बानु सवैयां (35) को गोली मार दी। जानकारी के अनुसार, युवक के बायीं आंख में गोली लगी है। उसकी स्थिति गंभीर है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को एमजीएम में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रिम्स रांची रेफर कर दिया।

पुलिस ने पहले दी थी चेतावनी

सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। फिलहाल इस मामले में पुलिस को किसी प्रकार की सफलता नहीं मिली है। पुलिस यह जानकारी ले रही है कि किसने और किन कारणों से गोली चलाई है। पुलिस ने बताया कि इस घटना में शामिल आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

समाचार लिखे जाने तक घायल युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई थी। ज्ञात हो कि चार दिन पूर्व कोल्हान के डीआइजी अजय लिंडा ने आदित्यपुर थाना के निरीक्षण के दौरान पुलिस पदाधिकारियों को चेतावनी दी थी कि इस क्षेत्र में हत्या से संबंधित मामलों में वृद्धि हो रही है। फिर भी आदित्यपुर थाना की पुलिस ने डीआइजी की चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया।

तीन वर्ष पूर्व हत्या मामले में शामिल था भगवान सवैयां उर्फ बानु सवैयां

वर्ष 2020 में विद्युत नगर निवासी पांडे सरदार की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने भगवान सवैयां, उसके भाई बाहुबली समेत एक अन्य भाई को जेल भेजा था। भगवान सवैयां वर्ष 2021 में जेल से छूटकर आया था। पुलिस इस मामले के साथ सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

दिन भर साथ घूमने वाले युवक ने मारी गोली

बताया जा रहा है कि भगवान सवैयां के साथ एक युवक दिन भर घूम रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, भगवान सवैयां के साथ घूम रहा युवक मृतक पांडे सरदार का करीबी था। उसने बदला लेने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया होगा। पुलिस इस मामले में आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

यह भी पढ़ें- रिकवरी एजेंट हत्‍याकांड: सिंटू सिंह का चौंंकाने वाला खुलासा- अमन सिंह के गुर्गों ने चलाई थी उपेंद्र पर गोली

Edited By: Arijita Sen