विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुर्गा पूजा-छठ में टाटानगर स्टेशन पर नहीं होगी धक्का-मुक्की? 1000 यात्रियों के लिए रेलवे ने बनाया खास इंतजाम

Published: Mon, 12 Oct 2026 07:00 AM (IST)

दुर्गा पूजा और छठ के दौरान टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अस्थायी होल्डिंग ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।

एआई जेनरेटेड इमेज।

HighLights

  1. टाटानगर स्टेशन पर 1,000 यात्रियों के लिए बना होल्डिंग एरिया।

  2. दुर्गा पूजा-छठ में भीड़ संभालने के लिए रेलवे की नई तैयारी।

  3. ट्रेन आने पर यात्रियों को कतार में प्लेटफॉर्म तक भेजा जाएगा।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। दुर्गा पूजा और छठ के दौरान टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए चक्रधरपुर मंडल के वाणिज्य विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। स्टेशन की वीआईपी लेन में अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाया गया है, जहां 1,000 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। इसका उद्देश्य स्टेशन परिसर और प्लेटफार्म पर अनावश्यक भीड़ रोकना और यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से ट्रेन में चढ़ने में मदद करना है।

चक्रधरपुर रेल मंडल के प्रमुख और व्यस्त स्टेशनों में शामिल टाटानगर में त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। बड़ी संख्या में लोग त्योहार मनाने अपने घर जाते हैं, जबकि दूसरे शहरों से लोग जमशेदपुर भी पहुंचते हैं। इस दौरान ट्रेनों में सामान्य दिनों से अधिक भीड़ रहती है। कई बार ट्रेन के प्लेटफार्म पर पहुंचने से पहले ही यात्री वहां जमा हो जाते हैं। इससे आवागमन प्रभावित होता है और ट्रेन में चढ़ने में परेशानी होती है।

रेलवे की योजना है कि यात्रियों को सीधे प्लेटफॉर्म पर जाने के बजाय पहले होल्डिंग एरिया में इंतजार कराया जाए। ट्रेन के प्लेटफार्म पर पहुंचने पर उन्हें वहां से कतारबद्ध तरीके से आगे भेजा जाएगा। इससे एक साथ बड़ी संख्या में यात्रियों के प्लेटफार्म पर जमा होने की स्थिति नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

यह व्यवस्था खास तौर पर सामान्य श्रेणी के डिब्बों में चढ़ते समय होने वाली धक्का-मुक्की और अव्यवस्था कम करने के लिए की गई है। रेलवे का प्रयास है कि यात्री अनुशासित तरीके से अपनी ट्रेन तक पहुंचें और सुरक्षित ढंग से डिब्बों में सवार हों।

त्योहारों में बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से भीड़ प्रबंधन चुनौती बन जाता है। होल्डिंग एरिया से यात्रियों को व्यवस्थित रखने में मदद मिलने की उम्मीद है। प्रयागराज में आयोजित कुंभ के समय भी रेल प्रशासन इसका सफल प्रयाेग कर चुकी है। 

यह भी पढ़ें- जमशेदपुर में खुले दो नए आयुष अस्पताल व पंचकर्म केंद्र, कदमा और बिष्टुपुर में सोमवार से इलाज शुरू

यह भी पढ़ें- राशन के लिए लंबी लाइनों से मुक्ति: जमशेदपुर में ग्रेन एटीएम से अब अब कार्डधारकों को 5 मिनट में मिलेगा 50 किलो अनाज