टाटा स्टील का ठेकाकर्मियों के लिए नया ऐप, अब एक क्लिक में मिलेगी PF, ग्रेच्युटी और वेतन की पूरी जानकारी
टाटा स्टील ने अपने ठेकाकर्मियों के लिए 'कांट्रेक्टर वर्कर्स' नामक एक नया एप लॉन्च किया है। यह एप उन्हें वेतन, ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टाटा स्टील ने अपने यहां कार्यरत ठेकाकर्मियों के लिए गुरुवार को ''कांट्रेक्टर वर्कर्स'' एप पोर्टल को लांच किया।
इस ऐप की मदद से ठेकाकर्मियों को अपना पर्सनल नंबर डालने पर पीएफ, ग्रेच्युटी, ड्यूटी आने-जाने का पंच समय, काम के घंटे सहित मिलने वाले वेतन की पूरी जानकारी मिलेगी। इस एप में उन्हें यह भी जानकारी मिलेगी कि उक्त कार्य के लिए कंपनी उनकी ठेका कंपनी को कितना मानदेय देती है और उन्हें वर्तमान में कितना वेतन दिया जा रहा है।
टाटा स्टील का मासिक कार्यक्रम एमडी आनलाइन गुरुवार सुबह संपन्न हुआ जिसमें कंपनी के एचआर चीफ यशवंत पांडेय ने उक्त पोर्टल के संबंध में सभी कर्मचारियों को जानकारी दी। टाटा स्टील में इस तरह की नई पहल का कंपनी के सीईओ सह एमडी टीवी नरेंद्रन ने सराहना की।
साथ ही कहा कि स्टील सेक्टर की कंपनियों में टाटा स्टील पहली कंपनी होगी जहां ठेका कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसा एप लांच किया गया है। उन्होंने इसे ट्रेड मार्क के तौर पर रजिस्टर्ड कराने की भी सलाह दी।
साथ ही सुझाव दिया कि इस ऐप में क्या अच्छा व खराब है, इसमें ठेकाकर्मियों को फीडबैक देने की व्यवस्था की जाए ताकि उनके साथ कुछ गलत हो रहा है तो इसकी जानकारी कंपनी प्रबंधन को मिल सके।
साथ ही एमडी ने उक्त पोर्टल को जेडीसी मीटिंग, सभी कैंटीनों में पोस्टर के माध्यम से और कंपनी में होने वाली मास मीटिंग में भी साझा करने को कहा ताकि अधिक से अधिक ठेकाकर्मी इसका लाभ उठा सकें।
यह भी पढ़ें- टाटा स्टील का बड़ा निवेश, सिंगापुर की कंपनी में डाले 3260 करोड़; यूरोपीय कारोबार पर फोकस
यह भी पढ़ें- टाटा स्टील कंपनी को बड़ी राहत, अब नहीं देना होगा ₹427 करोड़ का टैक्स
