टाटा स्टील की मेगा डील: ₹15510 करोड़ में खरीदेगी APL Apollo की 26.6 प्रतिशत हिस्सेदारी, ओपन ऑफर भी लाएगी
टाटा स्टील ने एपीएल अपोलो ट्यूब्स के साथ रणनीतिक समझौता किया है, जिसके तहत कंपनी अपना स्टील ट्यूब और कलर कोटेड उत्पादों का कारोबार एपीएल अपोलो को हस्तांतरित करेगी।

टाटा स्टील ने एपीएल अपोलो ट्यूब्स के साथ किया रणनीतिक समझौता। (जागरण)
HighLights
टाटा स्टील का एपीएल अपोलो के साथ रणनीतिक समझौता।
2035 तक 15.5 एमटीपीए क्षमता का लक्ष्य।
स्टील ट्यूब और कलर कोटेड उत्पादों का हस्तांतरण।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टाटा स्टील ने भारत में अपने डाउनस्ट्रीम कारोबार के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
कंपनी ने एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड और उसके प्रमोटरों के साथ व्यापक रणनीतिक समझौता किया है। इसके तहत टाटा स्टील अपना स्टील ट्यूब और कलर कोटेड उत्पादों का कारोबार एपीएल अपोलो को हस्तांतरित करेगी।
वहीं, एपीएल अपोलो में प्रमोटरों की 26.6 प्रतिशत हिस्सेदारी 15,510 करोड़ रुपये में खरीदेगी। इस पूरी रणनीति के तहत वर्ष 2035 तक 15.5 मिलियन टन प्रतिवर्ष (एमटीपीए) उत्पादन क्षमता वाली कंपनी विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
समझौते के तहत टाटा स्टील अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड की पूरी हिस्सेदारी और स्टील ट्यूब कारोबार एपीएल अपोलो को बेचेगी।
इसमें 1.7 एमटीपीए क्षमता का स्टील ट्यूब कारोबार और 0.8 एमटीपीए क्षमता के सरफेस कोटेड काइल शामिल हैं। इस सौदे का कुल मूल्य 28,000 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है।
इसके अतिरिक्त टाटा स्टील एपीएल अपोलो के प्रमोटरों की 26.6 प्रतिशत हिस्सेदारी 2,100 रुपये प्रति शेयर की दर से खरीदेगी। इसके लिए 15,510 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

डाउनस्ट्रीम कारोबार के विस्तार की दिशा में टाटा स्टील का बड़ा कदम।
साथ ही कंपनी 2,301.40 रुपये प्रति शेयर की दर से अतिरिक्त 26 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए ओपन ऑफर भी लाएगी, जिस पर लगभग 16,756 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
सभी सौदे नियामकीय मंजूरी और ओपन ऑफर की प्रक्रिया पूरी होने के अधीन हैं। कंपनी को उम्मीद है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के भीतर पूरी प्रक्रिया संपन्न हो जाएगी।
एसजी टेक के साथ कलर कोटेड उत्पादों में विस्तार
इस रणनीति के तहत टाटा स्टील ने एपीएल अपोलो के प्रमोटर समूह से जुड़ी कंपनी एसजी टेक इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड (एसजी स्पेक्ट्रा) के साथ भी समझौता किया है।
इसके माध्यम से देशभर में मॉड्यूलर आधार पर पांच एमटीपीए क्षमता की कलर कोटेड उत्पाद निर्माण इकाइयां स्थापित की जाएंगी।
इसमें पहले एक एमटीपीए क्षमता अगले 24 महीनों में विकसित करने का लक्ष्य है। यह मॉडल एसेट लाइट यानी कम पूंजी निवेश के साथ उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर आधारित होगा।
टाटा स्टील के लिए डाउनस्ट्रीम कारोबार का नया मंच
वर्तमान में एपीएल अपोलो के पास पांच एमटीपीए स्टील ट्यूब उत्पादन क्षमता है। टाटा स्टील के कारोबार के जुड़ने के बाद शुरुआती संयुक्त क्षमता लगभग 7.5 एमटीपीए होगी।
आने वाले वर्षों में स्टील ट्यूब कारोबार में तीन एमटीपीए और कलर कोटेड उत्पादों में पांच एमटीपीए अतिरिक्त क्षमता विकसित करने की योजना है। वर्ष 2035 तक कुल क्षमता 15.5 एमटीपीए करने का लक्ष्य है। इसमें करीब नौ एमटीपीए स्टील ट्यूब और 6.5 एमटीपीए कलर कोटेड उत्पाद शामिल होंगे।
टाटा स्टील के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन ने कहा कि एपीएल अपोलो और उसके प्रमोटरों के साथ यह समझौता भारतीय बाजार में डाउनस्ट्रीम कारोबार को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इससे दोनों कंपनियों की बाजार पहुंच, उत्पादों की विविधता और उत्पादन क्षमता का लाभ मिलेगा। साथ ही परिचालन दक्षता और लागत प्रतिस्पर्धा में सुधार होगा।
वहीं, टाटा स्टील के कार्यकारी निदेशक सह सीएफओ कौशिक चटर्जी ने कहा कि कंपनी वैल्यू एडेड उत्पादों के क्षेत्र में तेजी से विस्तार करना चाहती है।
एपीएल अपोलो का अधिग्रहण केवल एक लाभदायक कंपनी को अपने साथ जोड़ना नहीं है, बल्कि कलर कोटेड उत्पादों के कारोबार के विस्तार के लिए भी मजबूत आधार तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2035 तक 15.5 एमटीपीए क्षमता वाली एक लाभदायक डाउनस्ट्रीम कंपनी विकसित करने की संभावनाएं हैं।
यह भी पढ़ें- टाटा स्टील का बड़ा दांव: ट्यूब्स बिजनेस और टाटा स्टील कलर्स बेचकर पूंजी को नई धार देगी कंपनी