इन दोनों बड़े सौदों की कुल प्रस्तावित कीमत लगभग 28,000 करोड़ रुपये तय की गई है। टाटा स्टील के निदेशक मंडल (बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स) ने रविवार, 22 नवंबर को हुई बैठक में इन दोनों महत्वपूर्ण प्रस्तावों को अपनी मंजूरी दे दी है।
चार शहरों की ट्यूब्स इकाइयों का होगा हस्तांतरण
स्टॉक एक्सचेंज को दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ट्यूब्स बिजनेस का हस्तांतरण 11,700 करोड़ रुपये तक के नकद भुगतान पर किया जाएगा।
इस समझौते के तहत जमशेदपुर, होसुर, खोपोली और साहिबाबाद स्थित स्टील ट्यूब्स एवं पाइप निर्माण इकाइयां एपीएल अपोलो को सौंपी जाएंगी।
इसके अलावा, खोपोली स्थित कुछ कोल्ड रोलिंग और सरफेस कोटेड स्टील उत्पाद इकाइयां भी इस सौदे का हिस्सा हैं। यह पूरा लेनदेन 'स्लंप सेल' यानी एकमुश्त कारोबार हस्तांतरण के आधार पर संपन्न होगा।
टाटा स्टील कलर्स का भी बदलेगा स्वामित्व
इसके साथ ही टाटा स्टील अपनी सहायक कंपनी टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड की पूरी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी 16,300 करोड़ रुपये में बेचेगी।
इस हिस्सेदारी में टाटा स्टील की प्रत्यक्ष 50 प्रतिशत और उसकी सहायक कंपनी टाटा स्टील डाउनस्ट्रीम प्रोडक्ट्स लिमिटेड की 50 प्रतिशत हिस्सेदारी शामिल है। सौदे के पूरा होने के बाद टाटा स्टील कलर्स का पूर्ण स्वामित्व एपीएल अपोलो के पास चला जाएगा।
पूंजी के बेहतर इस्तेमाल और विकास पर जोर
वित्तीय आंकड़ों पर नजर डालें तो टाटा स्टील के ट्यूब्स बिजनेस ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में लगभग 11,375 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि इसी अवधि में टाटा स्टील कलर्स का कुल टर्नओवर 4,680 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी का मानना है कि इन दोनों सौदों से उसे अपने डाउनस्ट्रीम कारोबार का पुनर्गठन करने और पूंजी का अधिक बेहतर इस्तेमाल करने में मदद मिलेगी।
साथ ही, एपीएल अपोलो का मजबूत वितरण नेटवर्क, उत्पादन क्षमता और उत्पादों की व्यापक रेंज ट्यूब्स बिजनेस के भविष्य के विकास में सहायक सिद्ध होगी।
31 मार्च 2028 तक सौदे पूरे होने का लक्ष्य
कंपनी के मुताबिक, ये दोनों समझौते आपस में जुड़े हुए हैं और इनका क्रियान्वयन एक साथ प्रस्तावित है। सभी आवश्यक नियामकीय मंजूरियां मिलने और निर्धारित शर्तों के पूरा होने का इंतजार है।
इन सौदों को 31 मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। तब तक दोनों कारोबार टाटा स्टील के मौजूदा स्वामित्व और संचालन में ही बने रहेंगे।