विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टाटा पावर ने महाराष्ट्र में शुरू किया 100 मेगावाट का नया पवन ऊर्जा प्लांट, 2.52 लाख टन कार्बन उत्सर्जन में आएगी कमी

Published: Mon, 16 Nov 2026 04:25 PM (IST)

टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड ने महाराष्ट्र के लातूर जिले के औसा में 100.8 मेगावाट का पवन ऊर्जा संयंत्र शुरू ...और पढ़ें

सालाना 30.8 करोड़ यूनिट बिजली का होगा उत्पादन।

सालाना 30.8 करोड़ यूनिट बिजली का होगा उत्पादन।

HighLights

  1. टाटा पावर ने महाराष्ट्र में 100.8 मेगावाट पवन ऊर्जा परियोजना शुरू की।

  2. सालाना 30.8 करोड़ यूनिट बिजली उत्पादन, 2.52 लाख टन कार्बन कमी।

  3. ग्रिड कनेक्टिविटी चुनौती के बावजूद परियोजना समय पर पूरी हुई।

जागरण संवादाता, जमशेदपुर। स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन की दिशा में टाटा पावर ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी की सहायक इकाई टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड (टीपीआरईएल) ने महाराष्ट्र के लातूर जिले के औसा में 100.8 मेगावाट क्षमता की पवन ऊर्जा परियोजना शुरू कर दी है। इस परियोजना से सालाना करीब 30.8 करोड़ यूनिट बिजली का उत्पादन होने की उम्मीद है।

इससे हर साल लगभग 2,52,560 टन कार्बन डाइ-आक्साइड उत्सर्जन कम करने में मदद मिलेगी। कंपनी के अनुसार, इस परियोजना से उत्पादित नवीकरणीय बिजली की आपूर्ति टाटा पावर मुंबई डिस्ट्रीब्यूशन (टीपीसी-डी) को की जाएगी।

इससे मुंबई में स्वच्छ और भरोसेमंद बिजली आपूर्ति को मजबूती मिलेगी। परियोजना में एसजी 3.6-145 मॉडल के 28 हारिजोंटल एक्सिस विंड टर्बाइन जनरेटर लगाए गए हैं। प्रत्येक टर्बाइन को बेहतर दक्षता के साथ पवन ऊर्जा से बिजली उत्पादन के लिए डिजाइन किया गया है।

ग्रिड कनेक्टिविटी में बदलाव बनी बड़ी चुनौती

परियोजना के निर्माण के दौरान ग्रिड कनेक्टिविटी की योजना में बदलाव बड़ी चुनौती बनकर सामने आया। पहले जहां एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज (ईएचवी) लाइन के लिए अंडरग्राउंड केबल की व्यवस्था प्रस्तावित थी, वहीं बाद में इसे बदलकर मोनोपोल सिस्टम अपनाने का निर्णय लिया गया।

इस बदलाव के कारण डिजाइन, सामग्री की खरीद और निर्माण कार्य में कई तकनीकी जटिलताएं पैदा हुईं। कंपनी के विंड प्रोजेक्ट एग्जीक्यूशन डिवीजन के लिए यह पहली मोनोपोल स्थापना थी। इसके बावजूद टीम ने चुनौती को सफलतापूर्वक पूरा किया और परियोजना के निर्धारित समय पर शुरू होने को सुनिश्चित किया।

12.1 गीगावाट पहुंची कुल नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता

औसा परियोजना के शुरू होने के साथ ही टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी की कुल नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता बढ़कर 12.1 गीगावाट हो गई है। इसमें से 7.3 गीगावाट क्षमता का संचालन शुरू हो चुका है। इसमें 5.9 गीगावाट सौर ऊर्जा और 1.4 गीगावाट पवन ऊर्जा शामिल है। शेष 4.8 गीगावाट क्षमता की परियोजनाओं पर अलग-अलग चरणों में काम चल रहा है।

यह भी पढ़ें- टाटा स्टील महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में नए प्लांट के लिए अवसर तलाश रही, 2030 तक 40 मिलियन टन उत्पादन का लक्ष्य

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।