विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोलर और ग्रीन एनर्जी ने भरी टाटा पावर की झोली! 33% बढ़कर ₹1652 करोड़ पहुंचा मुनाफा, 60 लाख स्मार्ट मीटर लगे

Published: Thu, 12 Nov 2026 08:33 AM (IST)

टाटा पावर ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में ₹1,652 करोड़ का रिकॉर्ड शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो सालाना ...और पढ़ें

टाटा पावर

टाटा पावर

HighLights

  1. टाटा पावर का शुद्ध लाभ 33% बढ़कर ₹1,652 करोड़ हुआ।

  2. सौर ऊर्जा और हरित परियोजनाओं ने रिकॉर्ड मुनाफे में योगदान दिया।

  3. 60 लाख स्मार्ट मीटर और 6,700 ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। देश की प्रमुख एकीकृत ऊर्जा कंपनी टाटा पावर ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में ऐतिहासिक वित्तीय प्रदर्शन करते हुए अब तक का सबसे बड़ा मुनाफा दर्ज किया है। 

कंपनी का शुद्ध लाभ (टैक्स के बाद मुनाफा) सालाना आधार पर 33 प्रतिशत की जबर्दस्त छलांग लगाकर 1,652 करोड़ रुपये के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का कुल कारोबार (राजस्व) भी 26 फीसदी बढ़कर 19,886 करोड़ रुपये रहा। 

सौर ऊर्जा, हरित परियोजनाओं और बिजली पारेषण व वितरण नेटवर्क के मजबूत प्रदर्शन ने इस रिकॉर्ड मुनाफे की नींव रखी।

छह महीने में 10 हजार करोड़ का ढांचागत निवेश

चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में भी कंपनी ने वित्तीय मजबूती का नया कीर्तिमान बनाया। इस अवधि में कुल शुद्ध मुनाफा 22 प्रतिशत बढ़कर 3,053 करोड़ रुपये और कुल आय 17 प्रतिशत बढ़कर 38,784 करोड़ रुपये रही। 

देश की भविष्य की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए कंपनी ने छह महीनों में करीब 10,000 करोड़ रुपये का भारी पूंजीगत निवेश किया है, जिसमें से लगभग 6,000 करोड़ रुपये अकेले नवीकरणीय (हरित) ऊर्जा पर खर्च किए गए। इसके साथ ही कंपनी की कुल स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन क्षमता बढ़कर 8.6 गीगावाट पर पहुंच गई है।

रूफटॉप सोलर और स्मार्ट मीटरिंग में दबदबा

घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने (रूफटाप सोलर) के क्षेत्र में कंपनी देश में अग्रणी बनी हुई है। इस तिमाही में 426 मेगावाट नए संयंत्र लगाए गए, जिससे कुल रूफटॉप क्षमता 5.12 गीगावाट हो गई है। पंजाब, हरियाणा और बिहार में ''घर-घर सोलर'' अभियान तेजी से चल रहा है।

 वहीं, बिजली वितरण सुधारों के तहत विभिन्न राज्यों में 60 लाख से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं और ओडिशा में बिजली छीजत (लाइन लॉस) को घटाकर 21 प्रतिशत पर ला दिया गया है। इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के लिए 6,700 से अधिक सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन भी शुरू किए जा चुके हैं।

टाटा पावर के सीईओ व प्रबंध निदेशक प्रवीर सिन्हा ने कहा कि सभी व्यापारिक क्षेत्रों के संतुलित विकास और अनुशासित पूंजी निवेश से यह ऐतिहासिक लाभ संभव हुआ है। कंपनी भारत की ऊर्जा सुरक्षा और हरित ऊर्जा बदलाव में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

यह भी पढ़ें- टाटा स्टील कर्मियों को कब मिलेगा अपना घर? 14 साल से अटकी योजना पर फिर उठा सवाल, एमडी की कमेटी करेगी फैसला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।