Tata Motors: 4 दिन गेट जाम और सियासत के बाद झुका प्रबंधन, सुबोध पात्रो के परिवार को 72 लाख मुआवजा और नौकरी
टाटा मोटर्स, जमशेदपुर में मृत कर्मचारी सुबोध पात्रो के परिवार को कंपनी प्रबंधन और आंदोलनकारियों के बीच समझौते के बाद 72 लाख रुपये मुआवजा और आश्रित को स्थायी नौकरी मिलेगी।

लगातार चौथे दिन भी मोटर कंपनी गेट पर प्रदर्शन करते मजदूर नेता बंटी सिंह एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा नेता विक्टर सोरेन। जागरण
HighLights
मृतक सुबोध पात्रो के परिवार को 72 लाख रुपये मुआवजा।
आश्रित को सुपरवाइजर ग्रेड-6 में मिलेगी स्थायी नौकरी।
IOD जांच में पुष्टि पर 40 लाख अतिरिक्त मुआवजा।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टाटा मोटर्स के इंजन डिवीजन के कर्मचारी सुबोध पात्रो की मौत के बाद उनके परिवार को राहत देने के लिए कंपनी प्रबंधन और आंदोलनकारियों के बीच हुए समझौते में स्थायी नौकरी के साथ 72 लाख रुपये मुआवजा देने पर सहमति बनी है।
समझौते के मुताबिक, मृतक के आश्रित को सुपरवाइजर ग्रेड-6 में या एक वर्ष की ट्रेनिंग पूरी करने पर ब्लू कालर श्रेणी में स्थायी नौकरी का विकल्प भी रहेगा। समझौते की पूरी प्रक्रिया एक सप्ताह के अंदर पूरी करने का भरोसा प्रबंधन ने दिया है।
बुधवार शाम टेल्को हाउस के गेटहाउस में हुई वार्ता के दौरान लिखित सहमति बनी। इसमें जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, झामुमो जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन की उपस्थिति में टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह और कंपनी की ओर से आइआर हेड सौमिक राय व एचआर हेड प्रणव कुमार ने हस्ताक्षर किया। मजदूर नेता बंटी सिंह के नेतृत्व में पिछले चार दिनों से चल रहे आंदोलन के बाद यह सहमति बनी।
वहीं, गुरुवार को जमशेदपुर प्लांट बंद रहेगा। कर्मचारियों द्वारा रविवार को किए गए साप्ताहिक अवकाश के बदले में उन्हें यह छुट्टी दी जा रही है।
72 लाख के अलावा सामाजिक सुरक्षा के लाभ भी
समझौते के तहत मृतक के परिवार को 72 लाख रुपये मुआवजा मिलेगा। इसके अतिरिक्त सामाजिक सुरक्षा के तहत ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट, सेवा निधि और इंश्योरेंस की राशि भी दी जाएगी।
वहीं, स्वजन को पीएफ मद में अतिरिक्त पांच लाख रुपये भी मिलेंगे। अंतिम संस्कार और तत्काल पारिवारिक जरूरतों को देखते हुए दो दिनों के भीतर 70 हजार रुपये अग्रिम आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया गया है।
हालांकि, परिवार की ओर से क्वार्टर को लेकर भी सवाल उठाए गए थे। सुपरवाइजर ग्रेड में नौकरी करने पर क्वार्टर पूर्व की तरह उनके पास ही रहेंगे।
आईओडब्ल्यू मामले की जांच पर 40 लाख अतिरिक्त का प्रावधान
समझौते का एक महत्वपूर्ण पहलू ड्यूटी के दौरान हुई दुर्घटना को लेकर है। मृतक के पुत्र सहदेव पात्रो ने आरोप लगाया था कि 16 मार्च 2026 को ड्यूटी के दौरान उनके पिता को चोट लगी थी, लेकिन कंपनी प्रबंधन ने इसे इंज्यूरी ऑन ड्यूटी (आईओडी) के रूप में दर्ज नहीं किया। इस मामले में अब उच्चस्तरीय जांच कराने का विकल्प दिया गया है।
प्रबंधन की ओर से कहा गया कि परिवार चाहे तो इस मामले की उच्चस्तरीय (कारखाना निरीक्षक, उपश्रमायुक्त, प्रबंधन या अपने स्तर पर) जांच करा सकता है।
जांच में परिवार का आरोप सही पाया जाता है तो 40 लाख रुपये अतिरिक्त मुआवजा दिया जाएगा। जांच कराने या नहीं कराने का निर्णय परिवार की संतुष्टि और सहमति पर छोड़ दिया गया है।
बंटी सिंह के नेतृत्व में चार दिनों तक चला संघर्ष
मृतक परिवार को न्याय दिलाने के लिए मजदूर नेता बंटी सिंह के नेतृत्व में आंदोलन शुरू हुआ था। आंदोलन के दौरान टाटा मोटर्स के सभी सातों गेट जाम किए गए, जिससे प्लांट का उत्पादन और सामान्य कामकाज प्रभावित हुआ।
बुधवार सुबह जिला प्रशासन के आश्वासन पर गेट खोले गए थे, लेकिन वार्ता का समय बदलने से नाराज आंदोलनकारियों ने दोबारा सभी गेट बंद कर दिए।
सहमति बनने के बाद बंटी सिंह ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल को श्रेय दिलाना नहीं बल्कि पीड़ित परिवार को उसका अधिकार दिलाना था। परिवार को नौकरी और मुआवजा मिलना संघर्ष की सफलता है। वहीं, मृतक के पुत्र सहदेव पात्रो ने मुश्किल समय में साथ देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।
प्रकाश कुमार ने यूनियन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
टेल्को वर्कर्स यूनियन महामंत्री प्रकाश कुमार ने टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कहा कि मृतक कर्मचारी के आश्रित को आईओडी व उचित मुआवजा देने के बजाए 77 लाख पर ही सहमत हो गई थी। इसके विरोध में जब आंदोलन हुआ तो मृतक के आश्रितों को सहीं मुआवजा मिल पाया है।
उन्होंने कहा कि मजदूर हित में यदि किसी कर्मचारी के साथ गलत होता है तो वे भविष्य में भी इसी तरह से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
झामुमो का राजनीतिक श्रेय लेने का है प्रयास : आजसू
आजसू पार्टी के जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने आरोप लगाया कि बंटी सिंह के नेतृत्व में आंदोलन को मिल रहे समर्थन से टाटा मोटर्स प्रबंधन पर दबाव बढ़ा। बाद में झामुमो सरकार के सहयोग से आंदोलन को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की गई।
उन्होंने कहा कि चार दिनों तक विभिन्न दलों के युवाओं ने एकजुट होकर पीड़ित परिवार के लिए संघर्ष किया। मजदूरों के अधिकार की लड़ाई को राजनीतिक श्रेय लेने का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए।
ऊहापोह में है ड्यूटी आने वाले कर्मचारी
इस पूरे घटनाक्रम में वे कर्मचारी ऊहापोह की स्थिति में हैं जो बुधवार को सामान्य दिनों की तरह ड्यूटी में आए थे लेकिन उन्हें अंदर घुसने नहीं दिया गया।
वे इस बात को लेकर चिंतित हैं कि बुधवार को उन्हें सामान्य दिनों की तरह ड्यूटी का लाभ मिलेगा या उन पर कैजुअल लीव लेने का दबाव रहेगा। इस पूरे मामले में कंपनी प्रबंधन ने बाद में निर्णय लेने की बात कही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।